Aurangabad :मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया राज्य स्तरीय ‘सहयोग कार्यक्रम’ का शुभारंभ,डीएम अभिलाषा शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश— जिला स्तर पर ही करें शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निवारण
Magadh Express: बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम हॉल में राज्य स्तरीय ‘सहयोग कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।
औरंगाबाद जिले से जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.), उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री इफ्तिखार अहमद, वरीय उप समाहर्ता श्री रितेश कुमार यादव, निदेशक, डीआरडीए श्री अनुपम कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी समाहरणालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

माननीय मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया में आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक मामले का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों को प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला स्तर पर लंबित अथवा अनसुलझे मामलों के समाधान के लिए राज्य स्तरीय सहयोग शिविर एक प्रभावी माध्यम के रूप में कार्य करेगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय सहयोग शिविर में चयनित आवेदकों के मामलों की सुनवाई की गई तथा संबंधित मामलों का नियमानुसार निष्पादन किया गया।
बैठक में बताया गया कि प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में राज्य स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर विशेष रूप से उन आवेदकों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिनकी शिकायतों का समाधान जिला स्तर पर संतोषजनक रूप से नहीं हो सका है। ऐसे आवेदकों की शिकायतों की सुनवाई राज्य स्तर पर की जाएगी।
राज्य स्तरीय सहयोग शिविर में भाग लेने के इच्छुक आवेदक sahyog.bihar.gov.in पोर्टल पर अपने पूर्व आवेदन के संदर्भ संख्या (Reference Number) के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की जांच के उपरांत पात्र आवेदकों को शिविर में उपस्थित होने की तिथि एवं समय की सूचना एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला पदाधिकारी महोदया के कुशल नेतृत्व में औरंगाबाद जिला प्रशासन सहयोग शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का निष्पादन समयबद्ध सुनिश्चित कर रहा।
कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक मामलों का समाधान जिला स्तर पर ही किया जा सके तथा आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से राज्य स्तर पर नहीं आना पड़े।
