Bihar: डाक पार्सल वाहन से ढोई जा रही थी विदेशी शराब, बिहार पुलिस ने 2205 लीटर खेप के साथ 2 को दबोचा
Magadh Express:बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (P&SNCB) और स्थानीय पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने डाक पार्सल के नाम पर शराब की तस्करी कर रहे एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई
मद्यनिषेध इकाई (P&SNCB) के विशेष अभियान दल को गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य से विदेशी शराब की एक बड़ी खेप बिहार में खपाने के लिए लाई जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साहेबपुरकमाल थाना पुलिस के सहयोग से घेराबंदी की गई।
डाक पार्सल वाहन में छिपाई थी शराब
पुलिस ने जब संदिग्ध 4 चक्का ‘डाक पार्सल’ वाहन की तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। डाक सेवाओं की आड़ में वाहन के भीतर भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने मौके से लगभग 2205 लीटर विदेशी शराब बरामद कर जब्त कर ली है
जांच जारी
शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि तस्कर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए आवश्यक सेवाओं (डाक पार्सल) के वाहनों का इस्तेमाल कर रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप कहाँ से आई थी और इसे बेगूसराय में किन लोगों तक पहुँचाया जाना था।इस सफल अभियान ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि तस्कर चाहे कितने भी नए तरीके अपना लें, पुलिस की पैनी नजर से बचना नामुमकिन है।