हरियाणा के ‘दंगल’ में नवीनगर की बेटियों की हुंकार: नेशनल खो-खो में दिखाएंगी दम, थानेदार ने दी ‘जीत की किट’ और रवाना किया रथ
नवीनगर/औरंगाबाद:
औरंगाबाद की मिट्टी में प्रतिभा की कमी नहीं है, और अब नवीनगर की बेटियां इसे राष्ट्रीय स्तर पर साबित करने निकल पड़ी हैं। हरियाणा के गुरुग्राम में होने वाले नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में नवीनगर की पांच ‘उड़नपरियां’ अपनी रफ्तार और दांव-पेच का जलवा बिखेरेंगी। गुरुवार को इन खिलाड़ियों के सम्मान में नवीनगर थाना परिसर गवाह बना, जहां खाकी वर्दी ने खेल प्रतिभाओं को सलाम किया।
थानेदार बने मेंटर, दी ‘जीत की किट’
प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले नवीनगर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने एक सराहनीय पहल की। उन्होंने थाना परिसर में आयोजित एक सम्मान समारोह में चयनित खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। थानाध्यक्ष ने न केवल उन्हें शुभकामनाएं दीं, बल्कि स्पोर्ट्स किट (खेल सामग्री) भी प्रदान की।
उन्होंने कहा, “ये सिर्फ बेटियां नहीं, नवीनगर का गौरव हैं। खेल से अनुशासन और टीम भावना आती है। आप जीत कर आएं, पूरा नवीनगर पलकें बिछाए इंतजार करेगा।”

ये 5 बेटियां बनेंगी औरंगाबाद की पहचान
राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने के लिए जो टीम हरियाणा के लिए रवाना हुई है, उसमें नवीनगर की ये पांच होनहार शामिल हैं:
- पिंकी कुमारी
- खुशी कुमारी
- अमोली कुमारी
- कुमकुम
- सुहाना
ये सभी खिलाड़ी औरंगाबाद टीम के कोच संतोष मिश्रा के नेतृत्व में गुरुग्राम के मैदान में उतरेंगी।
भावुक हुए परिजन, शिक्षकों ने दी बधाई
विदाई के वक्त माहौल गर्व और उम्मीदों से भरा था। एसआई कामिनी कुमारी, कन्या उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सरोज कुमार, शिक्षक इंदल सिंह और अन्य गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का मुंह मीठा कराकर उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय पटल तक पहुंचना ही अपने आप में एक बड़ी जीत है।
रिपोर्ट – संदीप कुमार