ठंड से बचने जलाई आग बनी ‘काल’: अलाव की चिंगारी से झुलसकर महिला की दर्दनाक मौत, नवीनगर में पसरा मातम
नवीनगर/औरंगाबाद:
हड़ कंपाने वाली ठंड से बचने के लिए जिस अलाव का सहारा लिया गया, वही एक महिला के लिए काल बन गया। नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां अलाव तापने के दौरान उड़ी एक चिंगारी ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां राख कर दीं।
साड़ी में लगी आग, और सब कुछ खत्म…
घटना वार्ड संख्या 9 स्थित मंसूरी मोहल्ले की है। कन्हाई साव की पत्नी प्यारी देवी घर में अलाव ताप रही थीं। ठंड से राहत पाने की कोशिश के दौरान अलाव से निकली एक छोटी सी चिंगारी उनकी साड़ी पर जा गिरी। इससे पहले कि वे कुछ समझ पातीं, सिंथेटिक साड़ी ने पलक झपकते ही आग पकड़ ली। देखते ही देखते लपटों ने उन्हें पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
वाराणसी में टूटी सांसें
चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों और पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक प्यारी देवी बुरी तरह झुलस चुकी थीं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने स्थिति की नाजुकता को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए आखिरकार वाराणसी में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मोहल्ले में सन्नाटा, परिजनों का बुरा हाल
प्यारी देवी की मौत की खबर जैसे ही मंसूरी मोहल्ले में पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, स्थानीय बुजुर्गों और बुद्धिजीवियों ने लोगों से अपील की है कि ठंड में अलाव जलाते समय, खास तौर पर ढीले और सिंथेटिक कपड़ों को लेकर विशेष सावधानी बरतें। एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
रिपोर्ट – संदीप कुमार