Gaya :कुएँ में जहरीली गैस से चार लोगों की मौत, SDRF और अग्निशमन दल ने बरामद किए शव,मुख्यमंत्री के निर्देश पर ₹16 लाख की सहायता
Magadh Express:गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल अंतर्गत डोभी प्रखंड में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में कुएँ के अंदर जहरीली गैस के प्रभाव से चार लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के निर्देश पर SDRF एवं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कुएँ से सभी चार मृतकों के शवों को बाहर निकाला।

मृतकों की पहचान विजय चौधरी (लगभग 55 वर्ष), पिता स्व. मनु चौधरी; चामारी मांझी (लगभग 57 वर्ष), पिता सवीर मांझी; विकास कुमार (लगभग 23 वर्ष), पिता विजय चौधरी; तथा दिलचन्द कुमार (लगभग 26 वर्ष), पिता कारू मंडल के रूप में हुई है। सभी मृतक डोभी प्रखंड, शेरघाटी अनुमंडल, गया के निवासी बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर ₹16 लाख की सहायता
घटना के बाद मुख्यमंत्री बिहार के निर्देश पर आपदा विभाग द्वारा मृतकों के निकटतम आश्रितों को ₹4-₹4 लाख की अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। चार मृतकों के आश्रितों को कुल ₹16 लाख की सहायता राशि का चेक दिया गया।जिला आपदा शाखा, गया की ओर से बताया गया कि घटना के बाद आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन संबंधित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रहा है।
बंद स्थानों में प्रवेश को लेकर प्रशासन की अपील
अपर समाहर्ता आपदा श्री पंकज कुमार ने आमजन से अपील की है कि बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था और विशेषज्ञों की सहायता के कुएँ, टैंक अथवा अन्य बंद एवं संकरे स्थानों में प्रवेश न करें। ऐसे स्थानों के अंदर जहरीली गैस मौजूद हो सकती है, जो जानलेवा साबित हो सकती है।
प्रशासन ने लोगों से ऐसी परिस्थितियों में स्वयं जोखिम उठाने के बजाय तत्काल संबंधित बचाव दल अथवा प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।
There is no ads to display, Please add some