औरंगाबाद: रमेश चौक पर प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और पुलिस बल पर हमला, 106 उपद्रवियों की तस्वीरें जारी कर पुलिस ने मांगी मदद
Magadh Express: औरंगाबाद शहर के रमेश चौक पर दिनांक 25 जुलाई 2026 को हुए एक प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ द्वारा भारी उपद्रव और हिंसा की घटना सामने आई है। प्रदर्शन की आड़ में कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस बल पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके साथ ही उग्रवादियों ने पुलिस गाड़ियों और सार्वजनिक संपत्ति को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हिंसक झड़प में वहां मौजूद आम नागरिकों और अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे मीडियाकर्मियों को भी लाठी, डंडों और ईंट-पत्थरों से निशाना बनाया गया।

सोशल मीडिया पर 106 उपद्रवियों की तस्वीरें जारी
घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने और उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए लगातार तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। इसी कड़ी में, घटना के दौरान वीडियोग्राफी और सोशल मीडिया पर वायरल हुए फुटेज के आधार पर 106 उपद्रवी तत्वों की तस्वीरें और क्रम संख्या जारी की गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी बख्शा नहीं जाएगा।

नागरिकों से पुलिस को सहयोग करने की अपील
औरंगाबाद पुलिस ने जिले के तमाम आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। जारी किए गए 106 उपद्रवियों के फोटो में यदि कोई व्यक्ति किसी की पहचान करता है, तो वह फोटो के क्रम संख्या (Serial Number) के आधार पर उनकी सही जानकारी पुलिस को दे सकता है।

सूचना देने के लिए पुलिस ने विशेष संपर्क नंबर जारी किए हैं, जिन पर गुप्त रूप से या प्रत्यक्ष रूप से सूचना साझा की जा सकती है:
- 9031826306
- 9031826335
- 9031673592
सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इन उपद्रवियों की पहचान स्थापित होने के तुरंत बाद उनके विरुद्ध संगीन धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की अराजकता और हिंसा की पुनरावृत्ति न हो सके। जिला प्रशासन ने शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

