औरंगाबाद सड़क दुर्घटना: मजदूरी कर लौट रहे मजदूरों की ऑटो में कार ने मारी टक्कर, दो की गई जान, एक रेफर, 8 का इलाज जारी
Magadh Express:औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दाउदनगर-बारुण मार्ग पर तेजपुरा लख के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने मजदूरों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चाट (गड्ढे) में पलट गए।
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इस घटना के बाद से मृतकों के गांव और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
नासरीगंज से मजदूरी कर घर लौट रहे थे सभी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओबरा थाना क्षेत्र के भटौलिया और घटारो गांव के रहने वाले करीब एक दर्जन मजदूर रोहतास जिले के नासरीगंज नगर पंचायत में मजदूरी का काम करने गए थे। सोमवार को सभी मजदूर एक ऑटो पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनका ऑटो मझितावां मोड़ की ओर मुड़ने के लिए तेजपुरा लख के पास पहुंचा, तभी दाउदनगर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने ऑटो में सीधे और जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की हुई पहचान
अस्पताल लाते ही चिकित्सकों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के भटौलिया गांव निवासी के रूप में हुई है, जो इस प्रकार हैं:राजेश पासवान उर्फ मुकुंद पासवान (55 वर्ष), पिता- चुल्हन पासवान,उमेध पासवान (45 वर्ष), पिता- सूर्यदेव राम
नौ लोग घायल, पांच अनुमंडल अस्पताल तो चार निजी क्लीनिक में भर्ती
इस भीषण सड़क हादसे में कुल नौ लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। घायलों में से पांच को दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जिनमें से भटौलिया निवासी रोझन राम के पुत्र राजाराम (55 वर्ष) की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़े चिकित्सालय (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया है।
इसके अलावा अनुमंडल अस्पताल में इलाजरत अन्य घायल:
- धनु कुमार (18 वर्ष), पिता- सीता राजवंशी (निवासी- घटारो)
- रणधीर कुमार (16 वर्ष), पिता- सिपाही राम (निवासी- घटारो)
- रविंद्र पासवान (45 वर्ष), पिता- हरिहर पासवान (निवासी- घटारो)
- रामाशीष राजवंशी (60 वर्ष), पिता- रामाधार सिंह (निवासी- घटारो)
वहीं, चार अन्य घायलों का इलाज स्थानीय निजी अस्पतालों में चल रहा है, जिनकी पहचान योगेंद्र पासवान (55 वर्ष), पुरुषोत्तम पासवान (28 वर्ष), प्रमोद पासवान (50 वर्ष) और दास पासवान (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
।ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया और पंचनामा पूरा कर लिया गया है, जिसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच में जुट गई है।”
