औरंगाबाद में बटाने पुल पर भारी वाहनों की नो-एंट्री: गर्डरों में आई गंभीर दरारें, जिला प्रशासन ने लागू किया बड़ा रूट डायवर्जन प्लान

0
1001310195

Magadh Express: राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-139 (पुराना एनएच-98) पर सफर करने वाले यात्रियों और भारी वाहन चालकों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण खबर है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बटाने पुल से भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। पुल पर अब केवल हल्के वाहनों को ही जाने की अनुमति दी गई है।

​तकनीकी जांच और निरीक्षण के दौरान 225 मीटर लंबे इस पुल के विभिन्न गर्डरों में गंभीर दरारें पाई गई हैं। इसके अलावा भार वहन संरचना के आधार भाग (फाउंडेशन के पास) को भी भारी क्षति पहुंची है। जिला प्रशासन ने संभावित बड़ी दुर्घटना को रोकने और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह कड़ा फैसला लिया है।

​यातायात को सुचारु रखने के लिए विस्तृत ‘रूट डायवर्जन प्लान’

​भारी वाहनों और यात्री बसों के सुरक्षित परिचालन के लिए जिला प्रशासन ने नया वैकल्पिक रूट जारी किया है:

​1. भारी वाहनों (ट्रकों आदि) के लिए बदला मार्ग:

  • रोहतास से हरिहरगंज जाने वाले वाहन: ये वाहन बारूण से तेतरिया मोड़ होते हुए जपला मार्ग से हरिहरगंज जा सकेंगे।
  • गया और पटना से हरिहरगंज जाने वाले वाहन: ये गाड़ियां भी बारूण-जपला मार्ग का उपयोग करते हुए जपला होकर आगे बढ़ेंगी।
  • हरिहरगंज से औरंगाबाद आने वाले बड़े वाहन (14/16/18/22 चक्का): इनके औरंगाबाद जिला सीमा में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इन वाहनों को हरिहरगंज-छतरपुर-जपला मार्ग से बारूण एनएच-19 की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जहाँ से वे रोहतास, गया और पटना जा सकेंगे।

​2. बड़ी यात्री बसें और 12 चक्का व्यावसायिक वाहनों के लिए रूट:

  • हरिहरगंज से औरंगाबाद: ये बड़ी बसें और व्यावसायिक वाहन अम्बा चौक से नवीनगर-बारूण मार्ग होते हुए औरंगाबाद आ सकेंगे।
  • रोहतास से हरिहरगंज: ये गाड़ियां बारूण केशव मोड़ से तेतरिया-नवीनगर-अम्बा चौक मार्ग का इस्तेमाल करेंगी।
  • पटना और गया से हरिहरगंज: जाने वाली बड़ी यात्री बसों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग (बारूण केशव मोड़-तेतरिया-नवीनगर-अम्बा चौक) से चलाया जाएगा।

​3. छोटे वाहनों (कार, पिकअप आदि) के लिए व्यवस्था:

  • ​औरंगाबाद से नवीनगर जाने वाले छोटे वाहन, कार और पिकअप अब चतरा मोड़ से माली होते हुए नवीनगर की ओर जा सकेंगे।

​युद्ध स्तर पर हो रहा है काम, सड़कों के मरम्मती और चौड़ीकरण के निर्देश

​जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, पुल के बाईं ओर एक अस्थायी वैकल्पिक मार्ग (डायवर्सन) बनाने की कार्रवाई तेजी से शुरू की जा रही है। इसके साथ ही, वैकल्पिक मार्गों पर गाड़ियों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए कार्यपालक अभियंता को बारूण-नवीनगर पथ तथा तेतरिया से कोयरीडीह पथ का तुरंत निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मति, चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य शुरू करने का आदेश दिया गया है।

​वाहनों को राह भटकने से बचाने के लिए सभी डायवर्जन रूटों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड, दिशा सूचक चिह्न और सुरक्षा बैरियर तत्काल लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

​प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेंगे दण्डाधिकारी और पुलिस बल

​यातायात व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रित रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए अनुमण्डल प्रशासन, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से मैदान में उतारा गया है। जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर मजिस्ट्रेट (दण्डाधिकारी) और पुलिस बल की तैनाती की जा रही है:

इन जगहों पर रहेगी पैनी नजर: कोईरीडीह, तेतरिया मोड़, अम्बा चौक, एरका, केशव मोड़, जसोईया मोड़, महेन्द्रा शो-रूम, चतरा मोड़ और सुंदरगंज बाजार।

​जिला प्रशासन की अपील

​जिला प्रशासन ने सभी आम नागरिकों, वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed