Aurangabad :दवा वापसी के विवाद में चौकीदार और दुकानदार के बीच मारपीट, आक्रोशित व्यवसायियों ने बंद कराया कासमा बाजार
रफीगंज से एस कुमाररफीगंज
Magadh Express:- औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड क्षेत्र के कासमा थाना अंतर्गत कासमा बाजार में सोमवार की शाम दवा वापसी को लेकर एक ग्राहक (चौकीदार) और मेडिकल दुकानदार के बीच तीखी झड़प और मारपीट हो गई। इस घटना के विरोध में मंगलवार की सुबह आक्रोशित स्थानीय व्यवसायियों ने एकजुट होकर कासमा बाजार को कुछ घंटों के लिए पूरी तरह बंद रखा। बाजार बंद होने की सूचना पर पहुंचे पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (SDPO-2) आदित्य कुमार के हस्तक्षेप और निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद दुकानों को पुनः खोला गया।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम कासमा निवासी चौकीदार बनवारी पासवान कासमा बाजार स्थित एक मेडिकल दुकान से मवेशी की दवा खरीदकर ले गए थे। कुछ ही देर बाद दवा को एक्सपायरी बताते हुए वह अपने पुत्र के साथ उसे वापस करने दुकान पर पहुंचे। दुकानदार रौशन कुमार ने दवा के पैसे तो वापस कर दिए, लेकिन दवा का रैपर फटा होने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
प्रशासन के सामने मारपीट का आरोप, भड़के व्यवसाई
पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा था, लेकिन पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में ही उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। पुलिस के इस ढुलमुल रवैये और चौकीदार की दबंगई से नाराज होकर स्थानीय व्यवसायियों ने मंगलवार की सुबह कासमा बाजार की सभी दुकानों को बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

SDPO-2 ने संभाला मोर्चा, कार्रवाई का दिया भरोसा
बाजार बंद होने और व्यवसायियों के आक्रोश की खबर मिलते ही SDPO-2 आदित्य कुमार तुरंत दल-बल के साथ कासमा बाजार पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आक्रोशित दुकानदारों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद करीब कुछ घंटों से बंद बाजार की दुकानें दोबारा खुल सकीं।
इधर, नाराज व्यवसायियों ने संयुक्त हस्ताक्षर युक्त एक मांग पत्र SDPO-2 को सौंपकर आरोपी चौकीदार और मौके पर मूकदर्शक बने स्थानीय पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। व्यवसायियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

थाना परिसर में समझौते के बाद भी बंद रहा बाजार: थानाध्यक्ष
इस संबंध में कासमा थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह ने बताया कि घटना वाली शाम को ही दोनों पक्षों को थाने बुलाकर आपसी सहमति से लिखित समझौता करा दिया गया था। इसके बावजूद मंगलवार की सुबह कुछ देर के लिए बाजार बंद रखा गया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए SDPO-2 आदित्य कुमार ने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।