गयाजी: नकली और नशीली दवाओं के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़; भारी मात्रा में खेप बरामद, महिला समेत 6 गिरफ्तार,कूरियर और प्रिंटिंग प्रेस तक फैला था नेटवर्क
Magadh Express: गया पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में चल रहे नकली और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के एक बहुत बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शहर के अलग-अलग ठिकानों और एक कूरियर कंपनी पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली दवाएं, कफ सिरप, पैकिंग मशीनें और रैपर बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में कोतवाली थाना में कांड संख्या-256/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
वरिय पुलिस अधीक्षक (SSP), गया को गुप्त सूचना मिली थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र के रंगबहादुर रोड स्थित पीपरपाँती में श्री आनन्द सिंह के मकान के प्रथम तल्ले पर भारी मात्रा में संदिग्ध और नकली दवाओं का भंडारण कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक नगर-1 और कोतवाली थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर उक्त मकान में छापेमारी की गई।
भागने की कोशिश कर रहा मुख्य आरोपी धराया
जब पुलिस बल ने पीपरपाँती स्थित मकान में दबिश दी, तो वहाँ से एक व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान विकास कुमार (पिता: स्व. गंगा प्रसाद, निवासी: पीपरपाँती, कोतवाली, गया) के रूप में हुई।
कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को दवा पैकिंग करने वाली मशीन, सिरप, रैपर और अन्य संदिग्ध सामग्रियां मिलीं। इसके तुरंत बाद कोतवाली थानाध्यक्ष ने सत्यापन के लिए औषधि विभाग की टीम को मौके पर बुलाया।
कूरियर और प्रिंटिंग प्रेस तक फैला था नेटवर्क
गिरफ्तार विकास कुमार से जब पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने इस पूरे काले कारोबार की परतों को खोलकर रख दिया। विकास कुमार ने बताया कि वे लोग साधारण सिरप में कुछ केमिकल मिलाकर उसे दूसरी नामी कंपनियों के रैपर लगाकर ऊंचे दामों पर दूसरे राज्यों में बेचते थे।
- रैपर की छपाई: नकली दवाओं के खाली रैपर मुरादपुर स्थित मो. आबिद अंसारी के प्रिंटिंग प्रेस में छापे जाते थे। पुलिस ने इस प्रेस पर भी छापेमारी कर टैबलेट, दवा (इंजेक्शन) और भारी मात्रा में रैपर जब्त किए हैं।
- कूरियर से सप्लाई: इन नशीली दवाओं की खेप को दूसरे राज्यों और शहरों में भेजने के लिए शहीद रोड स्थित Trackon Couriers का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस ने कूरियर ऑफिस पर भी छापेमारी कर विकास कुमार द्वारा बुक किए गए दवाओं के कई बंडल बरामद किए। संतोषजनक जवाब न देने पर कूरियर के मालिक राजेन्द्र कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
- घर में पत्नी करती थी सहयोग: विकास कुमार के आवासीय घर की तलाशी के दौरान अवैध इंजेक्शन और सिरप बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि घर पर दवाओं की लेबलिंग और रैपिंग के काम में उसकी पत्नी भी सहयोग करती थी, जिसके बाद उसे भी पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची
पुलिस ने इस रैकेट में शामिल कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है:
- विकास कुमार (मुख्य आरोपी – पीपरपाँती, कोतवाली, गया)
- कुणाल कुमार (पिता: स्व. अंबिका सिंह, मानपुर कुर्मी टोला, मुफस्सिल, गया)
- राजेश कुमार उर्फ मुखिया (पिता: लक्ष्मण लाल, मानपुर कुर्मी टोला, मुफस्सिल, गया)
- मुकेश कुमार (पिता: सुधीर प्रसाद सिन्हा, डाकबंगला रोड, सिविल लाईन, गया)
- राजेन्द्र कुमार (कूरियर मालिक – मूल निवासी: अरवल, वर्तमान पता: पीपरपाँती, गया)
- एक महिला अभियुक्त (विकास कुमार की पत्नी)

बरामद सामानों की सूची (जब्ती सूची)
संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली दवाएं बरामद की हैं, जो इस प्रकार हैं:
- Nitrosun-10 Tablet: 3,76,500 टैबलेट + 1,060 टैबलेट
- Nitravet-10 Tablet: 24,600 टैबलेट
- Tydol 100 tablet: 36,900 टैबलेट
- Phensedyl cough syrup (100 ml): 622 बोतलें + 100 पीस
- pyronix capsules: 4,704 कैप्सूल
- Leegsic injection (2 ml): 1,750 एम्पुल
- Oxytocin injection (Vet) Raper: 87,210 पीस
- बॉटल कैपिंग और सीलिंग मशीन: 01 पीस
- ब्लूजोन ब्लैक कलर बॉटल सीलिंग कैप: 4,500 पीस (कुल)
- रैपर नाइट्रोसून-10 प्रिंटेड पेपर बॉक्स: 4,450 पीस
- लिक्विड कैरेमल (E150d) एवं स्वीटन ऑरेंज: 02 बोतल
- स्मार्टफोन: 01 रेडमी कंपनी का फोन (सिम नंबर: 7870013487 के साथ, जिससे इस नेटवर्क को ऑपरेट किया जा रहा था)
गया पुलिस की आम जनता से अपील
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से गया पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आस-पास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नकली दवाओं के भंडारण अथवा संदिग्ध दवाओं की बिक्री की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।
सहायता हेतु संपर्क नंबर:दूरभाष: 06312225901,व्हाट्सएप नंबर: 8544501050,गया पुलिस नियंत्रण कक्ष: 9031083206 ।