औरंगाबाद में भीषण आगलगी: सब्जी मंडी के पास गारमेंट्स की दुकान में लगी आग, 20 लाख से अधिक की संपत्ति जलकर खाक

0
1001345486

Magadh Express:औरंगाबाद जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र स्थित मुख्य बाजार में सोमवार को शार्ट सर्किट के कारण एक भीषण आगलगी की घटना सामने आई है। सब्जी मंडी के ठीक सामने, पोस्ट ऑफिस के बगल में स्थित राजू गुप्ता के मकान में संचालित ‘एएम गारमेंट्स’ (AM Garments) नामक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। इस घटना में दुकान के अंदर रखा करीब 20 लाख रुपये से अधिक का कीमती सामान और रेडीमेड कपड़े जलकर पूरी तरह खाक हो गए हैं।

शार्ट सर्किट बना आग का कारण, लपटें देख मचा हड़कंप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को दुकान में हर दिन की तरह कामकाज चल रहा था, तभी अचानक बिजली के शार्ट सर्किट की वजह से चिंगारी निकली और उसने कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान से धुएं का गुबार और तेज लपटें उठने लगीं। बाजार का मुख्य हिस्सा और व्यस्त इलाका होने के कारण घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों और दमकल की टीम ने पाया काबू

आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नगर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग (Fire Brigade) को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय युवाओं और दमकल कर्मियों के अथक प्रयास और सूझबूझ के बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आग को बगल की अन्य दुकानों और रिहायशी मकानों में फैलने से रोक लिया गया। अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।

लाखों का नुकसान, पीड़ित व्यवसाई सदमे में

पीड़ित दुकानदार के अनुसार, दुकान में नया और कीमती रेडीमेड कपड़ों का स्टॉक मंगाया गया था। इस अगलगी में दुकान का फर्नीचर, काउंटर और सारा स्टॉक जल गया है, जिससे लगभग 20 लाख रुपये से अधिक का भारी नुकसान होने का अनुमान है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार और व्यवसाई गहरे सदमे में हैं। स्थानीय व्यवसायी संघ ने जिला प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed