Aurangabad: पुलिस की बड़ी दबिश, लग्जरी कार से 600 लीटर देसी शराब बरामद, चालक फरार
Magadh Express बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए औरंगाबाद पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में टंडवा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हुंडई कार से भारी मात्रा में अवैध देसी शराब जब्त की है।
काला पहाड़ के समीप हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि एक वाहन के जरिए शराब की बड़ी खेप तस्करी के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसआई संजय कुमार और सशस्त्र बल के जवानों के साथ काला पहाड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

अंधेरे का फायदा उठाकर भागा चालक
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध हुंडई गाड़ी (नंबर: WB06E7846) को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी रोकी और अंधेरे व झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।
तलाशी में मिला शराब का जखीरा
जब पुलिस ने लावारिस हालत में छूटी गाड़ी की तलाशी ली, तो दंग रह गए। कार के अंदर भारी मात्रा में देसी शराब लदी हुई थी। गिनती करने पर कुल 600 लीटर देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को जब्त कर थाने ले आई है।
तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने जानकारी दी कि फरार चालक और इस तस्करी के पीछे जुड़े मुख्य माफियाओं की पहचान की जा रही है। इस मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
संवाददाता: संदीप कुमार, टंडवा, औरंगाबाद