नवीनगर: शादी की खुशियों के बीच मातम, दो घरों से 13 लाख से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ
Magadh Express:औरंगाबाद जिले के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र में चोरों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। वार्ड संख्या-11 स्थित कोसडीहा गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात दो बंद घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
खिड़की के रास्ते दाखिल हुए चोर
मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब पीड़ित अशोक सिंह के परिवार के अधिकांश सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए थे। घर में केवल तीन महिलाएं मौजूद थीं। चोरों ने मौका पाकर खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया और कमरे में रखे पलंग के बॉक्स व अलमारी को खंगाल डाला।

लाखों के जेवरात और नकदी चोरी
पीड़ित अशोक सिंह ने बताया कि चोरों ने करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात, एक लाख 12 हजार रुपये नकद और एक कीमती टैब सहित अन्य सामान चुरा लिया है। वहीं, पड़ोस में रहने वाले आर्यन कुमार सिंह के घर से भी करीब एक लाख के जेवरात और 2 लाख रुपये नकद की चोरी हुई है। कुल मिलाकर करीब 13 लाख से अधिक की संपत्ति की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है।
बाहर से बंद कर दिया दरवाजा
अशोक सिंह की पुत्री खुशी कुमारी ने बताया कि वह अपनी मां के साथ कमरे में सो रही थी। शातिर चोरों ने चोरी के दौरान कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। सुबह जब नींद खुली और दरवाजा नहीं खुला, तब पड़ोसियों को फोन कर मदद मांगी गई। दरवाजा खुलने पर घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त मिला।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही नवीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू की। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लिखित आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में आक्रोश
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाए।
संवाददाता: संदीप कुमार, नवीनगर, औरंगाबाद