औरंगाबाद मंडल कारा में हड़कंप: डीएम और एसपी के नेतृत्व में सुबह-सुबह औचक छापेमारी, आपत्तिजनक सामान बरामद
Magadh Express:औरंगाबाद जिला प्रशासन की मुस्तैदी और जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए शुक्रवार की अल सुबह मंडल कारा, औरंगाबाद में सघन छापेमारी की गई। जिला पदाधिकारी (DM) श्रीमती अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक (SP) श्री अंबरीष राहुल के नेतृत्व में हुई इस औचक कार्रवाई से जेल परिसर में हड़कंप मच गया।
सुबह 5:15 बजे शुरू हुआ ‘ऑपरेशन क्लीन’
जिला प्रशासन और पुलिस की टीम सुबह ठीक 5:15 बजे भारी पुलिस बल के साथ मंडल कारा पहुंची। इस ऑपरेशन की गोपनीयता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जेल प्रशासन को इसकी पूर्व सूचना नहीं थी। निरीक्षण दल में सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री संतन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लाइन डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी सहित कुल 230 पुलिस जवान शामिल थे।

हर वार्ड और कोने की सघन तलाशी
लगभग एक घंटे से अधिक समय तक चले इस अभियान के दौरान अधिकारियों ने कारा के सभी पुरुष एवं महिला वार्डों का कोना-कोना खंगाला। इसके अतिरिक्त:
- रसोईघर: कैदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की गई।
- कारा अस्पताल: बीमार बंदियों को मिल रही चिकित्सकीय सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया गया।
- खुला परिसर: पूरे जेल परिसर की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली गई।

तलाशी में बरामद हुई आपत्तिजनक सामग्री
बारीकी से की गई जांच के दौरान सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का मामला सामने आया। तलाशी में वार्डों से निम्नलिखित सामग्री बरामद की गई:
- 1 पिलास,2 पेचकस,लोहे के छोटे टुकड़े,खाली चुनौटी और टीन के टुकड़े हालांकि कोई मोबाइल या मादक पदार्थ नहीं मिला, लेकिन औजारों (पिलास-पेचकस) की बरामदगी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। जब्त सामान को तुरंत कब्जे में लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

लापरवाही पर सख्त रुख
निरीक्षण के समापन पर (प्रातः 6:25 बजे) जिलाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक श्री अंबरीष राहुल ने मंडल कारा अधीक्षक दीपक कुमार एवं प्रभारी उपाधीक्षक संजीव कुमार को कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि:
- कारा प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को अत्यधिक सुदृढ़ करे।जेल के भीतर नियमित अंतराल पर सघन तलाशी अभियान जारी रहे।कैदियों के लिए स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि जिला प्रशासन जेल के भीतर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर पूरी तरह गंभीर है।