Aurangabad:नवीनगर-अंबा मुख्य पथ पर भीषण सड़क हादसा, दंपत्ति समेत 6 घायल, 3 हायर सेंटर रेफर
संदीप कुमार
Magadh Express:-औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवीनगर-अंबा मुख्य पथ पर स्थित गैस गोदाम के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में तीन बाइकों की आपसी टक्कर में एक दंपत्ति समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवीनगर दास मुहल्ला निवासी दिलीप कुमार दास अपनी पत्नी सुमन देवी के साथ औरंगाबाद से इलाज कराकर बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार कुटुम्बा थाना क्षेत्र के उरदाना गांव निवासी अमरेश कुमार और ओबरा थाना क्षेत्र के बिहारी बिगहा निवासी विकास कुमार तेज रफ्तार में एक स्कॉर्पियो वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। ओवरटेक के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दिलीप दास की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि संभलने का मौका भी नहीं मिला और उनकी बाइक पास से गुजर रही एक तीसरी बाइक से जा टकराई।

इस घटना में दिलीप कुमार दास, उनकी पत्नी सुमन देवी, अमरेश कुमार, विकास कुमार तथा औरंगाबाद के कुशी गांव निवासी मुखदेव पासवान समेत कुल छह लोग घायल हो गए।घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुमन देवी, अमरेश कुमार और विकास कुमार की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इधर, घायल दिलीप कुमार दास ने आरोप लगाया है कि दूसरी बाइक पर सवार युवक शराब के नशे में थे, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई।
मामले को लेकर नवीनगर थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य सड़कों पर यातायात नियमों के सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।