औरंगाबाद: नवीनगर में अंतर्राष्ट्रीय विराट शिव गुरु महोत्सव संपन्न, उमड़ा जनसैलाब
संदीप कुमार
Magadh Express:-औरंगाबाद जिला के नवीनगर प्रखंड के सतर धनाव गांव में अंतर्राष्ट्रीय विराट शिव गुरु महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें देश-विदेश से आए शिव शिष्यों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महोत्सव में नेपाल, छत्तीसगढ़ (रायपुर), दिल्ली, कोलकाता, झारखंड, गया, जहानाबाद, अरवल सहित बिहार के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीदी नीलम आनंद द्वारा प्रस्तुत स्वरचित संकीर्तन भजन “हर भोला, हर भोला, भोला भोला हर-हर” से हुई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
भजन के साथ ही श्रद्धालु झूम उठे और पूरा परिसर “नमः शिवाय” के जयघोष से गूंज उठा। इसके उपरांत रायगढ़ से आए गुरु भाई वीरेंद्र सिंह ने शिव शिष्यों को संबोधित करते हुए कहा कि शिव शिष्यता के जनक इस कालखंड के प्रथम शिव शिष्य साहब श्री हरिंद्रानंद जी द्वारा दिए गए तीन सूत्र— दया, चर्चा और नमः शिवाय—का पालन करने मात्र से ही समस्त जगत का कल्याण संभव है। उन्होंने कहा कि इन सिद्धांतों को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को सरल, शांत और सुखमय बना सकता है।

वहीं मुख्य आयोजक शिवपूजन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज के आधुनिक युग में हम किसी भी वस्तु को खरीदने से पहले उसकी जांच-परख करते हैं, उसी प्रकार शिव को गुरु बनाने की भी एक प्रक्रिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो अब तक शिव को अपना गुरु नहीं मान पाए हैं, वे शिव गुरु से जुड़कर अपने जीवन को सुखमय बनाएं। महोत्सव में सामाजिक एवं क्षेत्रीय स्तर के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से अखिलेश प्रसाद सिंह, कैलाश गुप्ता, संजय सिंह, शारदा सिंह, अरविंद सिंह, मुन्ना यादव, संतोष सिंह, पिंटू कांस्यकर उर्फ डोड़वा विधायक, जनेश्वर चौधरी, कामता प्रसाद, अनीता देवी, चंद्रकांता कुमारी, प्रमिला देवी, पुष्पा देवी, धनेश्वरी देवी, साधना देवी, उषा देवी, रुक्मणी देवी, रेणु देवी, आशा प्रसाद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन देव क्षेत्र के गुरु भाई अर्जुन सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को व्यवस्थित रूप से संचालित किया। अंत में साहब श्री शिवानी के वीडियो क्लिप के माध्यम से कार्यक्रम का समापन किया गया। पूरे महोत्सव के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
