कुटुम्बा: निजी जमीन पर सरकारी भवन? मुखिया प्रतिनिधि पर गंभीर आरोप, जनता दरबार में SP के सामने खुला शिकायतों का पिटारा”
औरंगाबाद के कुटुंबा थाना परिसर में आज पुलिस अधीक्षक (SP) अंबरीश राहुल के नेतृत्व में आयोजित जनता दरबार में फरियादियों का तांता लगा रहा। एसपी ने स्वयं उपस्थित होकर न केवल पीड़ितों की समस्याएं सुनीं, बल्कि थानेदार और अंचल अधिकारियों को मौके पर ही निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया।
दबंगों पर गंभीर आरोप: निजी जमीन पर मुखिया प्रतिनिधि बनवा रहे सामुदायिक भवन
जनता दरबार में आए 19 मामलों में से अधिकांश भूमि विवाद और अवैध कब्जे से जुड़े थे। सबसे गंभीर मामला कुटुंबा गांव के शिव साव ने उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी निजी जमीन पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि द्वारा जबरन सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, कुटुंबा के ही जितेंद्र सिंह ने शंभू प्रसाद पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। ढिबरा थाना क्षेत्र के निमीडीह से आए बबन भुइयां ने भी अपनी जमीन पर दबंगों के अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई।
फर्जी मुकदमे और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
वर्मा गांव के सुदामा राम ने पुलिस के सामने गुहार लगाई कि उन्हें साजिश के तहत गलत मुकदमे में फंसाकर परेशान किया जा रहा है। इसके अलावा, कई पीड़ितों ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने पर भी सवाल उठाए। राजपुर की धनवंती देवी ने भी भूमि विवाद में न्याय की मांग की।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एसपी
एसपी अंबरीश राहुल ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दरबार के तुरंत बाद एसपी संडा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पुराने कांड संख्या 80/25 के वादी अरविंद कुमार मेहता की शिकायत पर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।