औरंगाबाद में इंटर परीक्षा को लेकर DM सख्त: जूता-मोजा पहनकर आने पर रोक, परीक्षा से 30 मिनट पहले बंद हो जाएगा गेट
2 फरवरी से शुरू होगी परीक्षा, 50 केंद्रों पर 39,696 परीक्षार्थी होंगे शामिल; DM अभिलाषा शर्मा और SP अमरीश ने की समीक्षा बैठक।
औरंगाबाद: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की तैयारियां औरंगाबाद में पूरी कर ली गई हैं। कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को नगर भवन में जिला पदाधिकारी (DM) अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक (SP) अमरीश ने संयुक्त रूप से केंद्राधीक्षकों और दंडाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
जूता-मोजा पर पूरी तरह प्रतिबंध
DM अभिलाषा शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस बार भी सख्ती बरती जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर जूता-मोजा पहनकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। छात्रों को चप्पल पहनकर ही आना होगा।
एक मिनट की देरी भी पड़ेगी भारी
जिला प्रशासन ने समय को लेकर सख्त गाइडलाइन जारी की है:
- प्रथम पाली: परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होगी, लेकिन प्रवेश सुबह 9:00 बजे तक ही मिलेगा।
- द्वितीय पाली: परीक्षा दोपहर 2:00 बजे शुरू होगी, लेकिन प्रवेश दोपहर 1:30 बजे तक ही मिलेगा। विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मोबाइल मिला तो वीक्षक पर होगी कार्रवाई
परीक्षा केंद्र के अंदर केंद्राधीक्षक (CS) को छोड़कर किसी भी वीक्षक, पुलिसकर्मी या दंडाधिकारी को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं है। यदि किसी के पास मोबाइल मिला, तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये हैं मुख्य आंकड़े:
- परीक्षा तिथि: 02 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक।
- कुल परीक्षार्थी: 39,696
- कुल केंद्र: 50 (25 सदर अनुमंडल में, 25 दाउदनगर अनुमंडल में)।
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, एक बेंच पर अधिकतम दो परीक्षार्थी ही बैठेंगे। बैठक में एडीएम (आपदा) उपेंद्र पंडित, एडीएम (विशेष शाखा) सादुल हसन खान, एसडीएम संतन कुमार सिंह, डीईओ सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे।