रफीगंज: बस स्टैंड में ‘गुंडागर्दी’ और ‘प्यासे शहर’ पर विधायक का फूटा गुस्सा, भरी बैठक में अफसरों की लगा दी क्लास!
रफीगंज नगर पंचायत की सामान्य बैठक इस बार महज औपचारिकता नहीं रही, बल्कि जनसमस्याओं के समाधान का अखाड़ा बन गई। नगर पंचायत सभागार में आयोजित इस बैठक में स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिंह के तेवर काफी सख्त नजर आए। मुख्य पार्षद मीरिख दरखशा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर की प्यास बुझाने से लेकर बस स्टैंड में चल रही ‘उगाही’ तक का मुद्दा प्रमुखता से गूंजा।
बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग, विधायक ने लगाई फटकार
बैठक का माहौल तब गरमा गया जब वार्ड पार्षद राजकुमार मिश्रा ने शहर के सबसे ज्वलंत मुद्दे ‘पेयजल संकट’ को पटल पर रखा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि गर्मी के दिनों में पार्षदों को जनता के गुस्से का शिकार होना पड़ता है, जबकि पीएचईडी विभाग की सुस्ती के कारण वार्ड नंबर 01, 02, 03, 04, 13, 14, 15 और 16 में पानी की सप्लाई ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। आधे घरों तक पाइपलाइन ही नहीं पहुंची है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने तत्काल संवेदक को फोन लगाया और काम में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया। विधायक ने स्पष्ट कहा, “जनता प्यासी रहे, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” वहीं, ईओ मैमून निशा ने तत्काल डीप बोरिंग कराने का प्रस्ताव रखा ताकि फौरी राहत दी जा सके।
बस स्टैंड में ‘वसूली राज’ पर विधायक का प्रहार
विधायक ने रफीगंज बस स्टैंड की बंदोबस्ती पर बड़ा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि पिछले एक दशक से यहां एक ही संवेदक का कब्जा क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि एसएच (SH) से गुजरने वाली बाहरी गाड़ियों और किसानों के ट्रैक्टरों से जबरन राशि वसूली जा रही है। आए दिन मारपीट की खबरें आती हैं, जो बर्दाश्त के बाहर है। विधायक ने इस ‘वसूली सिस्टम’ पर तत्काल रोक लगाने की बात कही।
विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल
विधायक ने नगर पंचायत में चल रहे कार्यों की गुणवत्ता (Quality) पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा कराए गए कार्य ठीक नहीं हैं और उन पर दबाव नहीं बन पाता। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकांश काम टेंडर प्रक्रिया से हों ताकि पारदर्शिता रहे। वहीं, वार्ड पार्षद रविन्द्र प्रसाद ने मुद्दा उठाया कि टेंडर लेने वाले रसूखदार ठेकेदार काम शुरू करने में भी आनाकानी कर रहे हैं, जिन पर कार्रवाई जरूरी है।
बैठक में लिए गए ये बड़े फैसले:
- वेंडिंग जोन का निर्माण: शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए बस स्टैंड से कलाली रोड और कासमा रोड के किनारे वेंडिंग जोन बनाया जाएगा।
- वन टाइम सेटलमेंट: शहरवासी अब 31 मार्च 2026 तक बिना ब्याज के अपना बकाया होल्डिंग टैक्स (गृह कर) जमा कर सकेंगे।
- जल-जीवन-हरियाली: वार्ड नंबर 13 में बुधवा महादेव तालाब का जीर्णोद्धार होगा। साथ ही सरकारी भवनों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य किया गया।
- अतिक्रमण हटाओ: सरकारी निर्माण कार्यों में बाधा बन रहे अतिक्रमण को तुरंत हटाने का निर्णय लिया गया।
इन्होंने की शिरकत
बैठक का संचालन वार्ड पार्षद राजकुमार मिश्रा ने किया। इस मौके पर मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद आरती देवी और कार्यपालक पदाधिकारी ने विधायक को सम्मानित किया। बैठक में वार्ड पार्षद रविन्द्र प्रसाद, नुरुल होदा खान, उमेश रजक, गुलाम रसूल, इंदु देवी सहित कई अन्य उपस्थित रहे।