Aurangabad:रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में तोड़फोड़, CCTV कैमरा और बोर्ड क्षतिग्रस्त: दुकानदारों में भय और आक्रोश
संदीप कुमार
Magadh Express: औरंगाबाद जिले के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के मंगल बाजार स्थित रंगोली गारमेंट्स नामक रेडीमेड कपड़े की दुकान में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। अहले सुबह दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और दुकान का बोर्ड क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे क्षेत्र के दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
घटना का विवरण
दुकान के मालिक शेर मोहम्मद उर्फ पप्पू ने बताया कि रविवार की रात्रि दुकान बंद कर जाते समय सब कुछ सामान्य था। सोमवार की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो देखा कि दुकान के बोर्ड पर दोनों ओर लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए हैं और दुकान का बोर्ड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब चार बजे भोर में जब वे मंदिर जा रहे थे, उस समय गली में सब कुछ ठीक था। लेकिन मंदिर से वापस लौटने पर, दुकान के नीचे बोर्ड के टूटे हुए टुकड़े बिखरे पड़े थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह घटना सुबह चार से पांच बजे के बीच अंजाम दी गई है।

पुलिस को सूचना और कार्रवाई
घटना की सूचना दुकानदार द्वारा तत्काल डायल 112 पुलिस टीम को दी गई। सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। 112 टीम में शामिल एएसआई दिनेश कुमार राय ने दुकानदार को थाने में लिखित आवेदन देने की सलाह दी है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
दुकान मालिक शेर मोहम्मद उर्फ पप्पू ने थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की गहन जांच कराने, दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता
इस घटना के बाद मंगल बाजार क्षेत्र के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी को और सुदृढ़ करने की मांग की है।
मामले में नवीनगर थानाध्यक्ष मृतंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि घटना को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है।