Aurangabad: ट्रक से ₹लाखों की विदेशी शराब जब्त, तीन शराब तस्कर गिरफ्तार, 514 लीटर शराब बरामद
संदीप कुमार
Magadh Express: अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नवीनगर प्रखंड की एनटीपीसी खैरा थाना पुलिस ने खैरा बाजार के समीप एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन अंतर-जिला शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एनटीपीसी खैरा थानाध्यक्ष परमजीत कुमार मंडल के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब की एक बड़ी खेप ट्रक द्वारा ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर, एएसआई संजय कुमार के नेतृत्व में सशस्त्र बल के जवानों ने खैरा बाजार के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।क्रम में, संदिग्ध अवस्था में आ रहे ट्रक (वाहन संख्या BR02 Q1634) को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निम्नलिखित है:रविरंजन कुमार (ट्रक चालक), निवासी नासरीगंज गांव, थाना नासरीगंज, जिला रोहतास।पवन कुमार, निवासी पदुम टोला गांव, थाना अंकोढीगोला, जिला रोहतास।उमेश कुमार, निवासी पदुम टोला गांव, थाना अंकोढीगोला, जिला रोहतास।
जब्त शराब का विवरण
पुलिस ने मौके से कुल 60 पेटी रॉयल विदेशी शराब और गॉड फादर ब्रांड की 500 एमएल की 68 बोतलें बरामद की हैं। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा लगभग 514 लीटर बताई जा रही है।थानाध्यक्ष परमजीत कुमार मंडल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ पहुँचाया जाना था।
पुलिस की इस तत्परतापूर्ण कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सराहना की है।