गया और औरंगाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: फरार नक्सली दारा यादव गिरफ्तार
Magadh Express:वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर चलाए जा रहे नक्सली/अपराधी विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। गया और औरंगाबाद पुलिस के संयुक्त प्रयास से 10 वर्षों से फरार एक खूंखार नक्सली को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी का विवरण
- दिनांक 26.05.2025 को डुमरिया थाना को सूचना मिली कि कई कांडों में वांछित, फरार चल रहा नक्सली दारा यादव,दादन यादव, उर्फ ददन यादव, उर्फ विदेशी यादव, पे० ईश्वरी यादव, सा० वन बिशनपुर, थाना डेबरा, जिला औरंगाबाद गया-औरंगाबाद वन बिशनपुर के पास आया हुआ है।प्राप्त सूचना के आधार पर वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई हेतु थानाध्यक्ष डुमरिया, डुमरिया थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी/कर्मी और डेबरा थाना और औरंगाबाद के पुलिस पदाधिकारी/कर्मी ग्राम बिशनपुर के पास पहुंचे।पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास कर रहे नक्सली को सशस्त्र बल की सहायता से पकड़ लिया गया।

संगीन मामलों में संलिप्तता
गिरफ्तार नक्सली दारा यादव,दादन यादव, उर्फ विदेशी यादव के विरुद्ध निम्नलिखित संगीन मामलों में संलिप्तता पाई गई है:- अपहरण एवं हत्या: यह उल्लेखनीय है कि दिनांक 06.12.2014 को वादिनी द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था कि रात्रि में बड़ी संख्या में नक्सलियों ने उनके घर पर चढ़कर उनके पति का अपहरण कर गोली मारकर हत्या कर दी थी और शव को जंगल में फेंक दिया था। इस संबंध में डुमरिया थाना कांड संख्या-111/2014, दिनांक-07.12.2014 को धारा 147/148/149/364/302/201 भा०द०वि० एवं 27 आर्म्स एक्ट और 17 सी०एल०ए० एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान के क्रम में पकड़े गए नक्सली की संलिप्तता इस कांड में पाई गई थी। वह गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहा था।
अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी
ज्ञात हो कि पूर्व में भी इस कांड में संलिप्त 08 नक्सलियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।