पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने की आत्महत्या, छह महीने की गर्भवती थी मृतका; आरोपी पति गिरफ्तार
संजीव कुमार, मदनपुर (औरंगाबाद)
मदनपुर थाना क्षेत्र के महुआवां टिकरी गांव में घरेलू प्रताड़ना से त्रस्त एक 20 वर्षीय महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान महुआवां टिकरी निवासी बनारसी कुमार की पत्नी काजल देवी के रूप में हुई है, जो छह माह की गर्भवती भी थी।
मृतका की बहन सरिता देवी ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि काजल की शादी दो वर्ष पूर्व बनारसी कुमार से हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसका पति उसके साथ नियमित मारपीट और गाली-गलौज करता था। लगभग छह महीने पूर्व भी काजल ने प्रताड़ना से तंग आकर जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते उसकी जान बच गई थी। उस समय गांव में पंचायत हुई थी और आरोपी पति से भविष्य में मारपीट नहीं करने का बॉन्ड भी लिया गया था।
एफआईआर के अनुसार, बुधवार सुबह काजल ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि उसके पति ने फिर मारपीट की है और गाली-गलौज कर रहा है। शाम होते ही परिवार को सूचना मिली कि काजल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजनों का आरोप है कि बनारसी किसी दूसरी लड़की से बातचीत करता था, जिससे काजल मानसिक तनाव में रहती थी । मृतका का मायका गया जिले के रौशनगंज थाना क्षेत्र के पड़री गांव में है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला घरेलू प्रताड़ना के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है।
मृतका की बहन द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।