गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बेलागंज से अवैध हथियार के साथ 4 अभियुक्त गिरफ्तार
Magadh Express:-आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए गया पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों और हथियार तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। बेलागंज थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक रेगुलर राइफल, 16 जिंदा कारतूस और दो नाली बंदूक बट व बैरल सहित भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं और चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी और गिरफ्तारी का विवरण
दिनांक 12.10.2025 को बेलागंज थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम समसपुर में एक व्यक्ति के घर में अवैध हथियार रखे हुए हैं। इस सूचना के सत्यापन के बाद बेलागंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की एक टीम ने समसपुर स्थित उक्त व्यक्ति के घर पर छापेमारी की।
- पहला अभियुक्त गिरफ्तार: पुलिस बल को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से पकड़ा गया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम मो. इकबाल नैयर, पिता स्व. मो. ईंदरीश, सा. समसपुर, थाना बेलागंज, जिला गया बताया। उसकी निशानदेही पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहाँ छिपाकर रखा गया 1 रेगुलर राइफल और 16 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
- दूसरा अभियुक्त गिरफ्तार: मो. इकबाल नैयर से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने मो. आमिर आलम, पिता मो. शमशाद आलम, सा. भलुआ-01, थाना बेलागंज को रखने के लिए अवैध हथियार दिया था। इकबाल नैयर की निशानदेही पर भलुआ-01 गांव में छापेमारी कर मो. आमिर आलम को गिरफ्तार किया गया।
- तीसरा और चौथा अभियुक्त गिरफ्तार: दोनों अभियुक्तों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने समसपुर निवासी मो. अहमद रजा, पिता मो. फारुख रजा और मो. इलियास अंसारी, पिता मो. फरजन्द के नाम बताए। उनकी निशानदेही पर समसपुर में छापेमारी कर मो. अहमद रजा को गिरफ्तार किया गया। मो. अहमद रजा से पूछताछ के बाद मो. इलियास अंसारी को गिरफ्तार किया गया। इलियास अंसारी के घर की तलाशी के दौरान दो नाली बंदूक बट और बैरल सहित बरामद किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम और पता- मो. इकबाल नैयर, पिता स्व. मो. ईंदरीश, सा. समसपुर।
- मो. आमिर आलम, पिता मो. शमशाद आलम, सा. भलुआ-01।
- मो. अहमद रजा, पिता मो. फारुख रजा, सा. समसपुर।
- मो. इलियास अंसारी, पिता मो. फरजन्द, सा. समसपुर।
(सभी थाना बेलागंज, जिला गया के निवासी हैं।)
बरामद सामान - रेगुलर राइफल – 01 पीस
- जिंदा कारतूस – 16 पीस
- दो नाली बंदूक बट और बैरल सहित – जो बिना बैरल का है
पुलिस का बयान
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में बेलागंज थाना कांड संख्या 583/25, दिनांक 12.10.2025 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों से यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस गिरोह से जुड़े हैं और उनका आपराधिक इतिहास क्या है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों का मनोबल टूटेगा और क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा।