AI के सहारे चुनावी प्रचार पर सख्त हुआ चुनाव आयोग: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जारी की नई गाइडलाइन
नई दिल्ली | 09 अक्टूबर 2025 ..भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए बड़ा निर्देश जारी किया है। आयोग ने चेतावनी दी है कि किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार द्वारा विरोधियों पर निशाना साधने के लिए सिंथेटिक या कृत्रिम वीडियो (AI-generated content) का उपयोग किया गया तो इसे आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा।
6 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा और 8 विधानसभा उपचुनावों की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो चुकी है। अब आयोग ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया या इंटरनेट पर पोस्ट की जा रही सामग्रियों पर भी MCC के प्रावधान लागू होंगे।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, राजनीतिक दलों या उम्मीदवारों की आलोचना केवल नीतियों और कार्यों तक सीमित रहनी चाहिए। किसी के निजी जीवन से जुड़ी या झूठे तथ्यों पर आधारित पोस्ट, वीडियो या AI से तैयार सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि कोई राजनीतिक दल या उम्मीदवार AI जनित, डिजिटल रूप से संपादित या कृत्रिम सामग्री का उपयोग करता है, तो उसे स्पष्ट रूप से यह बताना होगा कि वह सामग्री “AI जनित” है।
इसके अलावा, चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया पोस्टों पर कड़ी निगरानी की बात कही है ताकि फेक न्यूज, डीपफेक वीडियो और भ्रामक सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
आयोग ने साफ कहा है कि आचार संहिता के किसी भी उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।