औरंगाबाद: खेत में टूटे पड़े तार की चपेट में आने से युवक की मौत, हफ्ते भर पहले ही लौटा था घर
औरंगाबाद, बिहार: जिले के गोह प्रखंड स्थित मलहद गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां करंट लगने से 22 वर्षीय एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गिरजेश साव के बेटे सुरंजन कुमार के रूप में की गई है, जो महज एक सप्ताह पहले ही दूसरे प्रदेश से अपने घर लौटा था।
घटना के बारे में मृतक के भाई जितेंद्र कुमार ने बताया कि सुरंजन बुधवार दोपहर को बधार में अपनी धान की फसल देखने गया था। उसी दौरान वह खेत में पहले से टूटकर गिरे एक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसे गंभीर करंट लग गया। आसपास काम कर रहे लोगों ने जब उसे देखा तो शोर मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचित किया।

परिवार वाले तुरंत उसे इलाज के लिए गोह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
सूचना मिलने पर बंदेया थानाध्यक्ष सूरज कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, स्थानीय मुखिया संतोष कुमार रजक ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि इलाके में जर्जर तारों के कारण पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, जिसके लिए बिजली विभाग जिम्मेदार है।