“बिजली विभाग का बड़ा कदम: प्रखंड स्तर पर लगेगा विशेष कैम्प, शिकायतों का होगा त्वरित निवारण”
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं की सहूलियत और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर विशेष कैम्प लगाने की घोषणा की है। इसके तहत गुरुवार को सभी प्रखंडों में उपभोक्ताओं की बिजली बिल से संबंधित शिकायतों और अन्य समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। विभाग का मानना है कि बढ़ती समस्याओं का समय पर समाधान न होने से उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में इस पहल से बड़ी संख्या में शिकायतों का निपटारा संभव होगा।

कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि शीर्ष मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप यह विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन कैम्पों में उपभोक्ताओं के लंबित बिजली बिल, गलत बिलिंग, मीटर रीडिंग की गड़बड़ियों सहित अन्य तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का समाधान मौके पर किया जाएगा। विभाग का प्रयास रहेगा कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की दौड़-भाग से राहत मिले और वे सीधे कैम्प में अपनी समस्या का निवारण करा सकें।शिविर में उपभोक्ताओं को राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही योजनाओं की भी पूरी जानकारी दी जाएगी।
विशेष रूप से घरेलू विद्युत कनेक्शन पर उपलब्ध 125 यूनिट मुफ्त बिजली को लेकर यदि किसी उपभोक्ता को संदेह या प्रश्न है तो वे सीधे कैम्प में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पारदर्शिता और उपभोक्ताओं के विश्वास को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कैम्प में उपस्थित होकर अपनी शिकायतों का निवारण कराएं और साथ ही विद्युत विभाग की योजनाओं व रियायतों का लाभ लें। माना जा रहा है कि इस पहल से बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी और शिकायत निस्तारण की गति भी तेज होगी।