शक्ति की साधना और भक्ति का महापर्व शारदीय नवरात्र प्रारंभ, मां दुर्गा के आशीर्वाद से गूंजा नवीनगर

0
IMG-20250922-WA0009

संदीप कुमार

औरंगाबाद (नवीनगर): नवीनगर प्रखंड क्षेत्र में शक्ति की आराधना और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व शारदीय नवरात्रि सोमवार, 22 सितंबर 2025 से विधि-विधानपूर्वक प्रारंभ हो गया। शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना और मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर भक्तों ने नौ दिवसीय पर्व की शुरुआत की। इस अवसर पर घर-घर और सार्वजनिक पूजा पंडालों में अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई, जो देवी शक्ति को समर्पित रहेगी।

नवरात्रि के पहले दिन प्रतिपदा तिथि पर श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री की पूजा की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्रि का प्रारंभ जिस वार से होता है, उसी के आधार पर देवी का वाहन तय होता है। इस वर्ष नवरात्रि सोमवार से प्रारंभ हुई है, जिसका अर्थ है कि मां दुर्गा का आगमन हाथी (गज) पर हो रहा है। इसे अत्यंत शुभ माना जाता है, जो वर्षा, सुख-समृद्धि और उन्नति का सूचक है।

पूरे नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में भक्त प्रतिदिन मां दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों की पूजा करेंगे। श्रद्धालु दुर्गा सप्तशती का पाठ करेंगे और अष्टमी व नवमी के दिन पारंपरिक रूप से कन्या पूजन का आयोजन होगा। मान्यता है कि इन नौ दिनों की पूजा और व्रत से साधक की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल है। मंदिरों और पूजा पंडालों में भजन-कीर्तन, आरती और देवी गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है। श्रद्धालु परिवार के साथ मां दुर्गा के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं।

हिंदू धर्म में शारदीय नवरात्रि को बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना गया है। दशहरे तक चलने वाले इस उत्सव में न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रंग भी झलकते हैं। गांव-गांव और नगर-नगर में श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगा रहे हैं और देवी के आशीर्वाद की कामना कर रहे हैं।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed