कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में गूंजा संदेश – “कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़”
संदीप कुमार
औरंगाबाद (नवीनगर): नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र स्थित प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में रविवार को कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तय करना रहा।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष संतन सिंह ने की, जबकि संचालन कांग्रेस नेता श्यामबिहारी सिंह ने किया। बैठक में कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े नवीनगर प्रखंड के 10 पंचायतों के कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत फूलमाला और अंगवस्त्र से किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस आलाकमान द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक, उत्तर प्रदेश के रायबरेली से चांदनी अहमद और हरियाणा से सोमदेव उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए चांदनी अहमद ने कहा कि “कांग्रेस त्याग, संघर्ष और सेवा की पार्टी है। कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं, इसलिए उन्हें पद और महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन की मजबूती को लक्ष्य बनाना चाहिए।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस बार कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान विधायक राजेश राम को विजयी बनाने का संकल्प लें। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस सरकार की संभावित योजनाओं का भी खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर बिहार में कर्नाटक, झारखंड और तेलंगाना की तर्ज पर 200 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। युवाओं को टैबलेट, महिलाओं को “माई बहिन योजना” के तहत 2500 रुपये प्रतिमाह और हर हाथ को काम देने का वादा किया। साथ ही रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता देने का भी आश्वासन दिया।

इस मौके पर नवीनगर क्षेत्र के सभी नवचयनित पंचायत अध्यक्षों को चयन पत्र भी प्रदान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष संतन सिंह ने कहा कि “कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं। हमें गांव-गांव और पंचायत-पंचायत में कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाना होगा।” उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर एनडीए सरकार की आलोचना की और नीतीश सरकार को “बैसाखी पर टिकी हुई सरकार” बताया।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की विचारधारा का प्रचार करेंगे और एनडीए सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाएंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में रविन्द्र पांडे, बालमुकुन्द सिंह, शंकर प्रसाद, श्रीराम पाण्डेय, बटेश्वर तिवारी, इसहाक अंसारी समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।