“रफीगंज पुलिस की बड़ी सफलता – पशु तस्करी गिरोह का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार”
एस. मिश्रा की रिपोर्ट
रफीगंज पुलिस ने पशु तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक पिकअप वाहन से 17 पशुओं को बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने झारखंड के पलामू निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, वहीं एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।

रफीगंज थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर यह सफलता हासिल की। बरामद पशुओं में पांच भूरा रंग का बछड़ा, चार उजला रंग का बछड़ा, पांच काला रंग का बछड़ा, एक काला रंग की गाय, एक उजली गाय और एक भूरी गाय शामिल हैं। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक भूरी गाय की मौत भी हो गई।

गिरफ्तार युवक की पहचान हरिहरगंज (पलामू, झारखंड) के संडा गांव निवासी कुदुस अंसारी के पुत्र 20 वर्षीय मोहम्मद इमरान के रूप में हुई है। पूछताछ में इमरान ने रफीगंज क्षेत्र के कई गौ तस्करों के नाम का खुलासा किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बरामद पशुओं को पानी पिलाया और चारा खिलाया। बाद में सभी पशुओं को वृषभनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट गौशाला, खजवती मठ बोधगया भेज दिया गया।
पुलिस ने पशुओं को क्रूरता पूर्वक अवैध परिवहन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।