Aurangabad:नवीनगर में नहर से मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका
संदीप कुमार
Magadh Express:: मंगलवार की सुबह नवीनगर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में कंचन नहर के किनारे एक 30 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद के सदर अस्पताल भेज दिया है।
सुबह के समय जब ग्रामीण नहर की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने लिलवा पईन के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा देखा। तुरंत ही इसकी सूचना नवीनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने व्यक्ति की हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। घटनास्थल पर जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा, “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि व्यक्ति की मौत कैसे हुई है। इस समय कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।” पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
