Aurangabad,रेल हादसा या कुछ और? फेसर थाना क्षेत्र में ट्रैक पर मिला अज्ञात शव
औरंगाबाद, 31 अगस्त।औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र में आज सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फेसर थाना अध्यक्ष अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया है। साथ ही FSL टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन में जुटी है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।