बड़ा हादसा: ड्राइवर की एक झपकी ने ली 10 जानें, तीर्थयात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई
Oplus_16908288
बिहार : पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दमान में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल हैं. इस हादसे में 35 यात्री घायल हुए हैं.

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पूर्वी बर्दमान के नाला फेरी घाट के पास यह हादसा हुआ, जब मोतीहारी से तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी.

बताया जा रहा है कि बस के ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह NH-19 पर खड़े ट्रक को देख नहीं पाया और यह भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

मृतक और घायल सभी मोतीहारी के चिरैया थाना क्षेत्र के निवासी हैं. इनमें सरसावा, लालबेगिया और चिरैया गांव के लोग शामिल हैं.

तीर्थयात्री 8 अगस्त को मोतीहारी से देवघर और गंगासागर के लिए निकले थे और गंगासागर से लौटते समय यह दुर्घटना हुई.

हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घायलों को तुरंत बर्दमान मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने बताया कि पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और राहत व बचाव कार्य जारी है. प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है. साथ ही, मृतकों के शवों को उनके परिजनों तक पहुंचाने का काम भी किया जा रहा है