औरंगाबाद में सर्पदंश से होमगार्ड जवान की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप
औरंगाबाद, बिहार: औरंगाबाद में देर रात एक होमगार्ड जवान की सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित कुमार देव (26) के रूप में हुई है, जो थाना क्षेत्र के कटैया गांव के निवासी राजकिशोर प्रसाद के बेटे थे। शनिवार की देर रात मच्छरदानी में घुसे एक कोबरा सांप ने उन्हें डस लिया।
परिजनों ने अमित को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें एंटी-वेनम की दो खुराक दी। इसके बाद उन्हें यह कहकर रेफर कर दिया गया कि अस्पताल में एंटी-वेनम डोज उपलब्ध नहीं है। रेफर किए जाने के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल जमुहार ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
इलाज में लापरवाही का आरोप
अमित की मौत के बाद परिजनों ने शव को लेकर अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर प्रभारी सीएस डॉ. रवि रंजन और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे और परिजनों को शांत कराया। परिजनों ने डॉक्टरों खालिद तनवीर और सौरभ कुमार पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहले उन्हें बताया गया था कि अस्पताल में एंटी-वेनम डोज खत्म हो गया है, लेकिन बाद में स्वास्थ्यकर्मियों ने पर्चे पर ओवरराइटिंग कर डोज की मात्रा 2 से बढ़ाकर 4 कर दी। कुछ लोगों ने इसे देख लिया, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अस्पताल में हंगामे और होमगार्ड जवान की मौत की सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सौंप दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
अमित कुमार देव अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बड़ी बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। तीन साल पहले उनकी होमगार्ड में नौकरी लगी थी और वर्तमान में वह समाहरणालय स्थित लोक जन शिकायत कार्यालय में तैनात थे।