औरंगाबाद: सांप्रदायिक आरोप में हेडमास्टर की पिटाई , ग्रामीणों ने की पिटाई
औरंगाबाद: कुटुंबा प्रखंड के पोला मिडिल स्कूल में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों के एक समूह ने हेडमास्टर मो. इसरार अंसारी पर जानलेवा हमला कर दिया। ग्रामीणों ने हेडमास्टर पर सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद हुई मारपीट में उनका सिर फट गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि हेडमास्टर और अन्य शिक्षक स्कूल में सांप्रदायिक माहौल बना रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों का व्यवहार उचित नहीं है और वे अक्सर ‘अवैधानिक भाषा’ का इस्तेमाल करते हैं। ग्रामीणों ने हेडमास्टर पर बच्चों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया, जिसके कारण स्कूल में लंबे समय से गतिरोध बना हुआ था।
हेडमास्टर मो. इसरार अंसारी ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने बच्चों को स्कूल का बेहतर माहौल देने के उद्देश्य से सिर्फ यूनिफॉर्म पहनने की सलाह दी थी। हेडमास्टर ने बताया कि वे इस स्कूल में नए हैं और महज 11 महीने की नौकरी बची होने के बावजूद वे इसे एक आदर्श स्कूल बनाना चाहते थे।
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी बीडीओ शिशिर कुमार रंजन स्कूल पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। उन्होंने मामले की पूरी जानकारी ली और दोनों पक्षों से आवेदन माँगा है। बीडीओ ने कहा कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।