औरंगाबाद कलेक्ट्रेट भवन का छज्जा फिर गिरा, 2 पुलिसकर्मी घायल; कर्मियों में डर का माहौल
औरंगाबाद, 18 जुलाई 2025: औरंगाबाद कलेक्ट्रेट भवन के दूसरे मंजिल का छज्जा गुरुवार को अचानक गिर गया, जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों की पहचान शुभम प्रकाश और धीरज कुमार के रूप में हुई है, जिन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
घटना उस समय हुई जब दोनों जवान छज्जे के नीचे खड़े थे। अचानक छज्जा भरभराकर गिरा और जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला, जिससे उनके सिर पर चोटें आईं। हादसे के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
यह पहली बार नहीं है जब कलेक्ट्रेट भवन का कोई हिस्सा गिरा हो। भवन की हालत पहले से ही जर्जर बताई जा रही है। करीब डेढ़ महीने पहले भी छज्जा गिरा था, जिसमें योजना पदाधिकारी घायल हुए थे। इससे पहले एडीएम भी छज्जा गिरने से घायल हो चुके हैं। कुछ दिन पहले ट्रैफिक डीएसपी कक्ष की छत का हिस्सा गिरा था, जिससे कंप्यूटर और अन्य सामान बर्बाद हो गया था।
हर बार हादसे के बाद सिर्फ गिरा हुआ हिस्सा मरम्मत कर दिया जाता है, लेकिन अब तक भवन की पूरी मरम्मत नहीं कराई गई है और न ही कोई ठोस निर्णय लिया गया है। भवन की दयनीय हालत को देखते हुए कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों में लगातार डर का माहौल बना हुआ है। यहां काम करने वाले कर्मी और अधिकारी डर के साये में काम करने को मजबूर हैं।
हालांकि, शहर के सिंचाई कॉलोनी के समीप कलेक्ट्रेट के नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। भवन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कलेक्ट्रेट को नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।