औरंगाबाद में युवक की गोली मारकर हत्या
औरंगाबाद, बिहार: नवीनगर थाना क्षेत्र में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है, साथ ही पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़वान गांव निवासी 25 वर्षीय प्रियांशु सिंह उर्फ छोटू की अज्ञात अपराधियों द्वारा लेम्बो खाप और देवराज बिगहा गांव के बीच रास्ते में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब प्रियांशु वाराणसी से लौटकर नवीनगर स्टेशन से अपने गांव के दो परिचितों के साथ बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे।

फाइल फोटो – बड़वान निवासी पियांशु सिंह उर्फ छोटू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दो अपराधियों ने रास्ते में प्रियांशु को रोका और सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस नृशंस हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। यह स्थिति पुलिस की जांच और खुफिया तंत्र पर सवालिया निशान लगाती है। मृतक प्रियांशु सिंह की शादी एक महीने पहले ही घुरानंद गांव में हुई थी, जिससे इस घटना की गंभीरता और भी बढ़ जाती है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे आपराधिक मामलों, विशेष रूप से दिनदहाड़े होने वाली हत्याओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। यह घटना दर्शाती है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं है और वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा अपराधों पर लगाम कसने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दावों के बावजूद, इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।
आम जनता जानना चाहती है कि आखिर कब तक उन्हें ऐसे खौफ के माहौल में जीना पड़ेगा? पुलिस प्रशासन को इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा करना चाहिए। साथ ही, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
क्या पुलिस प्रशासन इस हत्याकांड के अपराधियों को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने में सफल हो पाएगा? यह देखना बाकी है।
रिपोर्ट-संदीप कुमार