Aurangabad :बिना ट्रेड लाइसेंस वाहन एजेंसियों के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई, देव की Hero एजेंसी सील,मदनपुर की Universal Hero एजेंसी को दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए मिला 24 घंटे का समय, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
Magadh Express:औरंगाबाद जिले में बिना ट्रेड लाइसेंस एवं आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों के संचालित हो रहे वाहन विक्रय प्रतिष्ठानों के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी सुश्री सुनंदा कुमारी एवं मोटरयान निरीक्षक सुश्री सुजीता कुमारी ने देव एवं मदनपुर में स्थित मोटरसाइकिल एजेंसियों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान देव स्थित Hero मोटरसाइकिल एजेंसी में जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान का संचालन बिना ट्रेड लाइसेंस के किया जा रहा था। एजेंसी में मोटरसाइकिलों की बिक्री भी की जा रही थी। जांच के दौरान एजेंसी के स्टॉक में कुल 10 मोटरसाइकिलें पाई गईं।
परिवहन विभाग की टीम ने आवश्यक वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए देव स्थित उक्त Hero एजेंसी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। विभाग की कार्रवाई के बाद एजेंसी संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

मदनपुर की एजेंसी में मिले 38 वाहन
इसी अभियान के तहत परिवहन विभाग की टीम ने मदनपुर स्थित Universal Hero मोटरसाइकिल एजेंसी का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान एजेंसी के स्टॉक में कुल 38 वाहन पाए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालक ने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय की मांग की।
विभाग ने संचालक को सभी संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। निर्धारित अवधि के भीतर दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिना ट्रेड लाइसेंस वाहन बिक्री पर सख्ती
जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना ट्रेड लाइसेंस किसी वाहन विक्रय प्रतिष्ठान द्वारा वाहनों की बिक्री नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं होने की स्थिति में वाहनों के बिना विधिवत पंजीकरण के सड़क पर परिचालन की संभावना बढ़ जाती है। इससे जहां सरकारी राजस्व की हानि हो सकती है, वहीं बिना वैध दस्तावेजों के वाहनों के परिचालन से दुर्घटना अथवा अन्य किसी घटना की स्थिति में वाहन और उसके स्वामी की पहचान करने में भी परेशानी हो सकती है।
उन्होंने वाहन विक्रेताओं को निर्धारित नियमों एवं वैधानिक प्रक्रियाओं का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना ट्रेड लाइसेंस, अनुमति अथवा आवश्यक दस्तावेजों के वाहन विक्रय एवं संचालन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से जिले के वाहन विक्रय प्रतिष्ठानों में हड़कंप मचा है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य एजेंसियों की भी जांच की जा सकती है।
There is no ads to display, Please add some