Aurangabad:रफीगंज में खूनी खेल: 20 वर्षीय कॉलेज छात्र की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या, इलाके में तनाव,झारखंड में मजदूरी करते हैं पिता, घर का सबसे छोटा चिराग बुझा; एक संदिग्ध हिरासत में
रफीगंज से एस कुमार
Magadh Express:बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी रंजिश या अज्ञात कारणों से एक 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अब्दुलपुर मुहल्ला निवासी मोहम्मद सदीक के छोटे पुत्र मोहम्मद फैज (20 वर्ष) के रूप में हुई है। फैज गया कॉलेज में स्नातक (Graduation) का छात्र था। इस हमले में फैज के साथ मौजूद उसका एक साथी भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

घर से बुलाकर ले गए, फिर किया ताबड़तोड़ हमला
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम मोहम्मद फैज अपने घर पर ही था। इसी दौरान मोहल्ले के ही कुछ लोग उसे किसी बहाने से बुलाकर अपने साथ ले गए। इसके कुछ ही देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि फैज पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया है।
आरोपियों ने फैज के शरीर पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए उसके एक सहयोगी को भी हमलावरों ने निशाना बनाया और उसे भी घायल कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से खून से लथपथ मोहम्मद फैज को आनन-फानन में रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद फैज को मृत घोषित कर दिया।
जैसे ही फैज की मौत की खबर फैली, अस्पताल परिसर में सैकड़ों स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मोहम्मद फैज अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह पढ़ाई में होनहार था और गया कॉलेज से अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी कर रहा था। फैज के पिता मोहम्मद सदीक घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण झारखंड के हजारीबाग में रूई-गद्दे बनाने का काम करते हैं। घटना के समय भी वे हजारीबाग में ही थे। घर के सबसे छोटे कमाऊ पूत और छात्र की इस तरह बेरहमी से हुई हत्या के बाद मां और भाई-बहन का रोना देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
पुलिसिया कार्रवाई: एक हिरासत में, जांच जारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
थानाध्यक्ष का बयान:
“शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस सिलसिले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।”

हत्या के कारणों पर सस्पेंस
फिलहाल इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की मुख्य वजह क्या थी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। मोहल्ले और पूरे रफीगंज क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और प्रेम-प्रसंग समेत तमाम बिंदुओं पर जांच को आगे बढ़ा रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल इलाके में गश्त कर रहा है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।