गयाजी :पत्रकार अमित कुमार पर हमला लोकतंत्र पर प्रहार: आक्रोशित पत्रकार संघ ने डीएम-एसएसपी से की मुलाकात, सिटी एसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित
गया से धीरज गुप्ता
Magadh Express: गया जिले के गुरुआ प्रखंड में पत्रकार अमित कुमार के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट, उन्हें बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर घटना को लेकर पत्रकारों में भारी आक्रोश है। मंगलवार को बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा के नेतृत्व में गया समाहरणालय पहुंचा, जहां उन्होंने जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।
डीएम और एसएसपी का त्वरित एक्शन, गठित हुई विशेष जांच टीम
पत्रकारों की सुरक्षा और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। यूनियन द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर संज्ञान लेते हुए डीएम और एसएसपी ने संयुक्त रूप से सिटी एसपी (City SP) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन कर दिया है। अधिकारियों ने टीम को निर्देश दिया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ अविलंब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

सत्ता के रसूखदार दे रहे कानून को चुनौती: पत्रकार संघ
मुलाकात के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सह यूनियन के मार्गदर्शक मंडल के सदस्य कमलेश कुमार सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा:
”यह हमला सिर्फ एक पत्रकार पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता की गरिमा पर सीधा प्रहार है। गुरुआ में पत्रकार अमित कुमार के साथ जिस प्रकार मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना की गई, वह किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है।”
यूनियन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ लोग सत्ता और राजनीतिक रसूख के दम पर कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं। अगर समाज का आईना दिखाने वाले पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो आम जनता की आवाज कौन उठाएगा? लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं प्रेस की स्वतंत्रता के लिए गंभीर खतरा हैं।

प्रतिनिधिमंडल में ये वरिष्ठ पत्रकार रहे शामिल
सच्चाई की लड़ाई में एकजुटता दिखाते हुए बड़ी संख्या में पत्रकार समाहरणालय पहुंचे थे। इस प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के संरक्षक मंडल के सदस्य मनोरंजन कुमार, महासचिव रौशन कुमार, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश, नीरज कुमार सिंह, अक्षय कुमार, राजेश कुमार मिक्की, सुजीत कुमार, प्रदीप रंजन, कुमुद रंजन, रवि भूषण, संजीव कुमार सिन्हा, अभिषेक कुमार, आकाश रौशन उर्फ चुन्नू, सुजीत कुमार और आकाश कुमार सिंह सहित कई अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे।
सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पत्रकार संघ आगे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। मगध एक्सप्रेस न्यूज पोर्टल इस घटना की निंदा करता है और गया पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग करता है ।