Aurangabad:अदलपुर गांव में 17 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, ग्रामीणों में फूटा आक्रोश

0
1001335134

Magadh Express: औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड के दोशीला पंचायत अंतर्गत अदलपुर गांव में शुक्रवार की अहले सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के अमरेश दास के 17 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार की गांव से दक्षिण नहर के समीप लाठी-डंडों और बांस-बल्ले से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

शौच के लिए गया था किशोर, नहर के पास मिला शव

​परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रितेश कुमार अहले सुबह घर से शौच के लिए नहर की तरफ निकला था। उसके जाने के कुछ ही देर बाद ग्रामीणों को सूचना मिली कि किसी ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी है। घटनास्थल पर रितेश का शव खून से लथपथ हालत में मिला। उसके हाथ-पैर टूटे हुए थे और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। शव के पास ही खून से सना हुआ एक बांस का बल्ला भी बरामद हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इसी से प्रहार कर हत्या को अंजाम दिया गया है।

10 दिन पहले भी हुआ था विवाद, पिता ने जताया संदेह

​मृतक के पिता अमरेश दास ने बताया कि करीब 10 दिन पूर्व गांव के ही कुछ पड़ोसियों द्वारा रितेश के साथ गंभीर मारपीट की गई थी। पिता ने पुलिस के समक्ष आरोपियों के नाम उजागर करते हुए आशंका जताई है कि पुरानी रंजिश के कारण ही इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।

पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची

​घटना की सूचना मिलते ही SDPO-2 आदित्य कुमार, थानाध्यक्ष शंभू कुमार, एसआई आकाश कुमार, मिथिलेश कुमार, उमेश कुमार, पप्पू कुमार, शम्बा प्रवीण और बिनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया है। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया है, जो बारीकी से जांच कर रही है।

अधिकारियों का बयान:

“प्राथमिक जांच के अनुसार, गांव के ही धनुष दास के पुत्र मंटू कुमार द्वारा इस हत्या को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

आदित्य कुमार, SDPO-2

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

​मृतक रितेश दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके पिता अमरेश दास एक निजी विद्यालय में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रितेश की मौत की खबर सुनते ही मां रूबी देवी और पिता अमरेश दास सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

​वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पंचायत मुखिया द्वारा पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया गया और ‘कबीर अंत्येष्टि योजना’ के तहत तत्काल आर्थिक सहायता (मुआवजा) प्रदान की गई। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा की मांग की है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed