Aurangabad:देव में उमड़ेगा आस्था का सैलाब: 25 जनवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा सूर्य जन्मोत्सव, रथ पर सवार होकर सूर्यदेव करेंगे नगर भ्रमण,रथ यात्रा में शामिल होंगे हजारों लोग
Magadh Express:- औरंगाबाद जिले के सूर्य नगरी देव में आगामी 25 जनवरी को अचला सप्तमी (सूर्य जन्मोत्सव) के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इस वर्ष यह विशेष तिथि रविवार को पड़ रही है, जिसे देखते हुए देव पर्यटन विकास केंद्र ट्रस्ट और स्थानीय समाजसेवियों ने आयोजन को भव्य बनाने के लिए कमर कस ली है।
सांस्कृतिक झांकियां और सेल्फी प्वाइंट होंगे मुख्य आकर्षण
आयोजन समिति की हालिया बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष सूर्य रथ यात्रा के दौरान छठ संस्कृति को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। द्वादश सूर्य पूजन स्थल के पास भगवान भास्कर को अर्घ्य देने और छठ महापर्व से संबंधित जीवंत झांकियां सजाई जाएंगी।देव पर्यटन विकास केंद्र के अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि देव की अनूठी संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी और पर्यटक इसे सोशल मीडिया के माध्यम से साझा कर सकें।

धार्मिक महत्व और कार्यक्रम की रूपरेखा
शास्त्रों के अनुसार, माघ शुक्ल सप्तमी को अचला सप्तमी, रथ सप्तमी या आरोग्य सप्तमी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन सूर्य देव की उपासना से सात जन्मों के पापों से मुक्ति और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है।25 जनवरी रविवार को देव किला से पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और कीर्तन मंडली के साथ सूर्य रथ यात्रा निकाली जाएगी, जो संपूर्ण सौर तीर्थ का भ्रमण करेगी।इस यात्रा में लगभग 25 हजार से अधिक लोग शामिल हो सकते है ।26 जनवरी को विधि-विधान से हवन, पूर्णाहुति और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

6 फरवरी को होगा सामूहिक विवाह
ट्रस्ट द्वारा केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार के कार्य भी किए जा रहे हैं। संस्था के सदस्यों ने बताया कि आगामी 6 फरवरी को रानी तालाब (सूर्य महोत्सव स्थल) के समीप गरीब और असहाय परिवारों के लिए सामूहिक विवाह उत्सव आयोजित किया जाएगा।जिसमें 11 जोड़ियों की शादी वैदिक रीति रिवाज के साथ संपन्न होगी । विवाह के बाद वर वधू को पलंग , गोदरेज,वस्त्र सहित कई उपहार दिए जाएंगे ।

“इस वर्ष रविवार का संयोग होने के कारण भीड़ अधिक रहने की उम्मीद है। हम देव की छठ संस्कृति और सौर तीर्थ की महिमा को पूरी दुनिया के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं।” — आयोजन समिति
बताते चले कि 25 जनवरी को देव किला के सामने भगवान सूर्य रथ पर सवार होंगे , जहां विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक रीति रिवाज से भगवान का पूजन अर्चन ,आरती किया जाएगा । पूजा के बाद सूर्य देव रथ पर सवार होकर देव नगर भ्रमण करेंगे । इस दौरान भगवान के रथ को खींचने के लिए हजारों की संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु जुटेंगे ।पूरा नगर इस दिन नमक का त्याग करेगा तथा लोग अपने घरों पर घी के पांच पांच दीपक जलाएंगे ।देव पर्यटन विकास केंद्र के सदस्य इस कार्यक्रम को सफल बनाने में दिन रात जुटे हुए है ।