Aurangabad: देव सूर्य महोत्सव की तैयारी शुरू, 25 से 27 जनवरी तक होगा तीन दिवसीय आयोजन, उप विकास आयुक्त ने बैठक में दिया निर्देश

0
1000901353

Magadh Express: औरंगाबाद जिले के श्रीमती अनन्या सिंह (भा०प्र०से०), उप विकास आयुक्त, औरंगाबाद की अध्यक्षता में देव सूर्य महोत्सव के सफल आयोजन की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक समाहरणालय सभाकक्ष, औरंगाबाद में आयोजित की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त महोदया द्वारा बताया गया कि औरंगाबाद जिला अंतर्गत देव प्रखंड में अवस्थित ऐतिहासिक, पौराणिक एवं धार्मिक-सांस्कृतिक आस्था के प्रमुख केंद्र देव सूर्य मंदिर एवं सूर्यकुंड की ख्याति न केवल राज्य बल्कि देशभर में है। यह स्थल धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ आर्थिक एवं पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं से भी युक्त है।

गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय देव सूर्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव दिनांक 25 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक रानी तालाब, देव परिसर में आयोजित होगा।
तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान ख्याति प्राप्त कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जाएगी। इसके अतिरिक्त विगत वर्षों की भांति जिला स्तरीय चित्रकला, रंगोली, निबंध, पेंटिंग एवं मेहंदी प्रतियोगिता, स्लो साइकिल रेस, बच्चों के लिए क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं जैसे फुटबॉल एवं कबड्डी का आयोजन भी किया जाएगा।


महोत्सव का शुभारंभ भजन गायन की प्रस्तुति से किया जाएगा, जिसके पश्चात मुख्य कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही बच्चों एवं युवाओं के बीच खेलकूद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें मंच प्रदान किया जाएगा।
उप विकास आयुक्त महोदया द्वारा बताया गया कि महोत्सव को और अधिक आकर्षक बनाने हेतु सम्पूर्ण देव क्षेत्र का सौंदर्यीकरण एवं सजावट की जाएगी। इसके लिए मंदिर न्यास समिति के सदस्य, वार्ड सदस्य एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा स्थानीय लोगों को अपने-अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों को सजाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। देव सूर्य मंदिर एवं उसके आसपास के क्षेत्र को सुसज्जित एवं स्वच्छ बनाने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मेला क्षेत्र में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि आमजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही मेडिकल कैंप का आयोजन कर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी, औरंगाबाद को शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया, जबकि कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, औरंगाबाद को विद्युत आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया। देव को जोड़ने वाली सभी प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया। साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद देव एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, देव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी, देव को निर्देशित किया गया कि सूर्य मंदिर महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों, छात्र-छात्राओं एवं दर्शकों के आवागमन हेतु पर्याप्त परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करें।

सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, औरंगाबाद को मेला के मुख्य पंडाल, स्टेज, दर्शक दीर्घा, मंदिर परिसर एवं अन्य आयोजन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। साथ ही दिनांक 25 जनवरी 2026 से देव मोड़ से देव सूर्य मंदिर एवं आयोजन स्थल तक ड्रॉप गेट निर्माण, यातायात नियंत्रण एवं यातायात पुलिस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उक्त बैठक में अपर समाहर्ता श्री अनुग्रह नारायण सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री संतन कुमार सिंह, जिला योजना पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती बेबी प्रिया, अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, देव, अंचल अधिकारी देव, मंदिर न्यास समिति के सदस्यगण एवं संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed