Aurangabad:नवीनगर में आंगनबाड़ी सेविकाओं के संगठनात्मक सशक्तिकरण की पहल, पंचायत स्तरीय कमेटी गठन की शुरुआत
संदीप कुमार
Magadh Express:बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन, परियोजना कमेटी नवीनगर की ओर से पंचायत स्तरीय कमेटी गठन अभियान की शुरुआत रविवार, 4 जनवरी 2026 को की गई। इसी क्रम में रामनगर पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र महुअरी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं गार्जियनों की सहभागिता रही।
बैठक की शुरुआत रामनगर पंचायत की आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा नवीनगर परियोजना कमेटी के नौ नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान व अभिनंदन के साथ की गई। इसके उपरांत संगठन के महासचिव श्रीकांत कुमार सिंह ने प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र की सेविकाओं से एक-एक कर परिचय प्राप्त किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
उन्होंने सेविकाओं को संगठित होकर पारदर्शी ढंग से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि चेहरा सत्यापन, वाउचर, भवन, पेयजल सहित किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान में संगठन सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा सौंपे गए सभी कार्यों को पोषण ट्रैकर के माध्यम से शत-प्रतिशत पूरा करना अनिवार्य है। यदि किसी सेविका को पोषण ट्रैकर से संबंधित कार्यों में कठिनाई होती है, तो परियोजना कमेटी के पदाधिकारी सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।

परियोजना कमेटी की उपाध्यक्ष रूपा कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि अब कार्यप्रणाली पहले जैसी नहीं रही है। सभी सेविकाओं को संगठित होकर पोषण ट्रैकर में दिए गए दायित्वों को पूरी गंभीरता से निभाना होगा, अन्यथा भविष्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के फार्म से संबंधित जानकारी विस्तारपूर्वक दी तथा सेविकाओं से अपील की कि टेक होम राशन की तिथि आने से पूर्व सभी लाभुकों का चेहरा सत्यापन शत-प्रतिशत पूर्ण कर लें। किसी भी समस्या की स्थिति में उनसे संपर्क करने का आग्रह किया गया। बैठक के दौरान परियोजना कमेटी के पर्यवेक्षण में पंचायत स्तरीय कमेटी का गठन किया गया। उपस्थित सभी सेविकाओं ने सर्वसम्मति से महुअरी केंद्र की सेविका कलावती कुमारी को अध्यक्ष, केंद्र शिव बीघा की सेविका पिंकी कुमारी को सचिव, लहंग कर्मा केंद्र की सेविका सुधा देवी को कोषाध्यक्ष तथा सूर्यपुरा केंद्र की सेविका चंचल कुमारी को उपकोषाध्यक्ष चुना गया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष विपिन कुमार ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जिन सेविकाओं के पास केंद्र संचालन हेतु भवन उपलब्ध है, वे सीडीपीओ कार्यालय में आवेदन देकर उसकी रिसिविंग अवश्य सुरक्षित रखें। उन्होंने इस विषय में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
नवीनगर परियोजना कमेटी की अध्यक्ष प्रमिला कुमारी ने नवगठित रामनगर पंचायत कमेटी के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परियोजना कमेटी सेविकाओं के हर सहयोग के लिए हमेशा तैयार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सेविकाओं की प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता परियोजना अध्यक्ष प्रमिला कुमारी ने की, जबकि संचालन कोषाध्यक्ष विपिन कुमार द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन उपकोषाध्यक्ष अरुण कुमार ने प्रस्तुत किया। इस दौरान बैठक में कलावती कुमारी, पिंकी कुमारी, चिंतामणि कुमारी, स्नेहलता देवी, सुधा देवी, मीना देवी, लालमुनी देवी, सुनीता कुमारी, ललिता देवी सहित रामनगर पंचायत की अनेक आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं गार्जियन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर सेविकाओं में उत्साह और संगठन के प्रति नई ऊर्जा देखने को मिली।