Aurangabad :चलती ट्रेन से उतरना पड़ा महंगा,32 वर्षीय ‘गोल्डन’ की मौत, परिवार में कोहराम
रफीगंज से एस के मिश्रा
Magadh Express : पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेल खंड पर बुधवार रात को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने ओबरा के एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं। रफीगंज रेलवे स्टेशन के पास चलती एक्सप्रेस ट्रेन से उतरने की कोशिश में 32 वर्षीय एक युवक गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के तारा गांव निवासी रजनीश कुमार सिंह उर्फ गोल्डन (पिता: प्रमोद कुमार सिंह) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रजनीश सिंह उर्फ गोल्डन बुधवार की देर रात एक्सप्रेस ट्रेन से उतर रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह अप लाइन पर जा गिरे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर राम सुमेर तुरंत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए घायल रजनीश को रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सोननगर भेजा गया है।
रो-रोकर बुरा हाल:
गोल्डन की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव तारा पहुँची, पूरे इलाके में मातम छा गया। रजनीश उर्फ गोल्डन अपने परिवार के लिए सहारा थे। उनके आकस्मिक निधन से माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। स्टेशन पर भी परिजनों का चीत्कार सुनकर हर आँख नम हो गई। इस दुखद घटना ने एक बार फिर यात्रियों को चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने के जोखिम के प्रति आगाह किया है।