नवीनगर में ज्वेलरी दुकान चोरी का खुलासा, उत्तर प्रदेश का युवक गिरफ्तार

0
IMG-20250928-WA0001

संदीप कुमार

नवीनगर (औरंगाबाद): माली थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकानों में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के कावर चौक थाना क्षेत्र के धनुपुरा गांव निवासी सागर सिंह के रूप में हुई है।

माली थानाध्यक्ष दीपक कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 5 अगस्त को बैरिया बाजार स्थित निशा ज्वेलर्स और माँ लक्ष्मी ज्वेलर्स का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। दुकानदारों द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साथ ही संभावित ठिकानों और सीमावर्ती जिलों में लगातार दबिश दी गई। इसी क्रम में गश्ती के दौरान पुलिस ने रात्रि में रेकी कर रहे एक युवक को संदिग्ध हालात में पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और इसके संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस से जानकारी मांगी गई है। चोरी में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी गए जेवरात की बरामदगी और फरार साथियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

इस खुलासे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग दहशत में थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई ने भरोसा जगाया है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed