औरंगाबाद :ओबरा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और ऑटो की टक्कर में दो की मौत, तीन घायल

0
news

Magadh Express: औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा ओबरा थाना क्षेत्र के सदीपुर डिहरी गांव के पास हुआ, जब सवारियों से भरा एक ऑटो एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गया.


घायलों को अस्पताल ले जाया गया
घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने तत्काल घायलों को पुलिस वाहन से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया.


मृतकों और घायलों की पहचान
मृतकों में जम्होर थाना क्षेत्र के कोसडीहरा गांव निवासी 33 वर्षीय ऑटो चालक नागेंद्र यादव और नगर थाना क्षेत्र के 25 वर्षीय वसीम शौकत अली शामिल हैं. नागेंद्र यादव की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हुई, जबकि वसीम शौकत अली को वाराणसी ले जाते समय रास्ते में निधन हो गया. घायलों में औरंगाबाद निवासी 25 वर्षीय मो. सुफियान, नगर थाना कागजी मुहल्ला निवासी मेराजुद्दीन और 22 वर्षीय रसीदा खातून शामिल हैं. इन सभी का इलाज जारी है.


कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार, सभी घायल छात्र पटना से परीक्षा देकर ‘विंगर’ गाड़ी से दाउदनगर पहुंचे थे. वहां से वे किराये का ऑटो लेकर औरंगाबाद जा रहे थे. तभी सदीपुर डिहरी गांव के समीप औरंगाबाद की ओर से आ रहे एक ट्रक से उनके ऑटो की टक्कर हो गई. इस हादसे में ऑटो सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.


पुलिस कर रही है मामले की जांच
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एफएसएल (Forensic Science Laboratory) की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. इस संबंध में आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं.

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed