Aurangabad :पीएचसी जम्होर का डीएम ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का लिया जायजा
Magadh Express:-औरंगाबाद जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) ने 20 अगस्त 2026 को सदर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) जम्हौर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार, डीपीएम स्वास्थ्य श्री अनवर आलम, चिकित्सा पदाधिकारी-सह-प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्याम कुमार तथा ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रितेश कुमार (AYUSH) मौजूद रहे।

जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी, लैब तथा दवा भंडार का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को दी जा रही सेवाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता, जांच व्यवस्था तथा आवश्यक दवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की।
बताया गया कि पीएचसी जम्हौर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित कुल तीन एमबीबीएस चिकित्सक कार्यरत हैं। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध मानव संसाधन एवं अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मरीजों को निर्धारित स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
There is no ads to display, Please add some