औरंगाबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी: 50 हजार का इनामी अपराधी सुजीत कुमार उर्फ गुड्डू गिरफ्तार
Magadh Express: औरंगाबाद पुलिस ने जिले के वांछित और 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी सुजीत कुमार उर्फ गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गहन तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसे धर दबोचा।
क्या था मामला?
घटना 12 मार्च 2026 की है। वादी राजीव रंजन (पिता-जनेश्वर राम, निवासी परता, थाना-अंबा) ने अंबा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम-हथबोर के पास तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें हथियार का भय दिखाकर रोका। बदमाशों ने मारपीट कर वादी से सोने का हनुमान जी का लॉकेट, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी की लूटपाट की थी। इस मामले में अंबा थाना कांड संख्या-44/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

एसआईटी (SIT) के गठन और कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। SIT ने सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और तकनीकी विश्लेषण व सूचना संकलन के आधार पर अंबा थाना क्षेत्र के जीवा बिगहा पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। सत्यापन के दौरान उसकी पहचान 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी सुजीत कुमार उर्फ गुड्डू कुमार (पिता-प्रभु यादव, निवासी-अर्जुनियाँ, थाना-सिमरा, जिला-औरंगाबाद) के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान, अपराधी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल बरामद किया है। इस कांड में एक अन्य अभियुक्त को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि शेष की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
लंबा रहा है आपराधिक इतिहास
सुजीत कुमार उर्फ गुड्डू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सिमरा, अंबा, मुफ्फसिल और आमस (गया) थानों में लूट, आर्म्स एक्ट और बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम के तहत करीब 10 मामले दर्ज हैं।
