औरंगाबाद: उत्तर कोयल जलाशय परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा, 25 मई तक भूमि अधिग्रहण पूरा करने का लक्ष्य
Magadh Express :-भारत सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय के सचिव की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य केंद्र उत्तर कोयल जलाशय परियोजना (NKRP) रहा, जो औरंगाबाद और गया जिले के लिए सिंचाई और जल प्रबंधन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

निर्माण में देरी पर जताई गई चिंता
बैठक के दौरान बताया गया कि इस बहु-राज्यीय परियोजना की लागत और समय दोनों में वृद्धि हुई है। परियोजना की शुरुआत 1 जनवरी 2021 को हुई थी और इसे मार्च 2021 तक ही पूरा होना था, लेकिन अब इसकी समयसीमा बढ़ाकर 31 मार्च 2026 कर दी गई है। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति मात्र 38 प्रतिशत है। लागत भी 1622.27 करोड़ रुपये से बढ़कर अब 2430.76 करोड़ रुपये हो गई है।
औरंगाबाद में भूमि अधिग्रहण की स्थिति
जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने एनआईसी सभा कक्ष से बैठक में भाग लिया। औरंगाबाद जिले में भूमि अधिग्रहण की स्थिति इस प्रकार है:
- कुल लक्ष्य: 41.251 हेक्टेयर।अधिग्रहित भूमि: 37.8312 हेक्टेयर।लंबित: 3.4198 हेक्टेयर (जिसमें सामाजिक प्रभाव आकलन और सरकारी भूमि अंतरण की प्रक्रिया जारी है)।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि औरंगाबाद में लंबित भूमि अधिग्रहण की सभी प्रक्रियाओं को 25 मई 2026 तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाएगा।

मुख्य निर्देश: कार्यों में लाएं तेजी
मुख्य सचिव ने समीक्षा के दौरान सख्त निर्देश दिए कि ‘प्रगति’ (PRAGATI) बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए एक ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के मामलों का त्वरित निष्पादन करें ताकि निर्माण कार्य में गति आए और निर्धारित समयसीमा के भीतर किसानों को सिंचाई का लाभ मिल सके।

बैठक में ये रहे मौजूद:
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पदाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उपेंद्र पंडित और वरीय उप समाहर्ता रितेश कुमार यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
परियोजना एक नजर में:स्वीकृति: 01 अगस्त 2017संशोधित लागत: ₹2430.76 करोड़नई डेडलाइन: 31 मार्च 2026वर्तमान प्रगति: 38% है ।